सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में हाईटेक लॉन्ड्री सेंटर का लोकार्पण
आधुनिक तकनीक से होगी अस्पताल के लिनेन की धुलाई

* डॉ. सुनील देशमुख की मौजूदगी में रवि राणा ने किया उद्घाटन
* अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
अमरावती /दि.4 – सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अमरावती में अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित भारती वॉशिंग कंपनी – हाईटेक वस्त्र धुलाई केंद्र का भव्य उद्घाटन समारोह पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. विधायक रवि राणा के हाथों इस हाईटेक लॉन्ड्री सेंटर का उद्घाटन किया गया. इस केंद्र के शुरू होने से अस्पताल में उपयोग होने वाले बेडशीट, लिनेन, डॉक्टरों की वर्दी तथा अन्य वस्त्रों की वैज्ञानिक, स्वच्छ और संक्रमणमुक्त धुलाई की सुविधा उपलब्ध होगी.
समारोह का उद्घाटन महाराष्ट्र शासन आश्वासन समिति के अध्यक्ष रवि राणा ने किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने की. कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा सभापति आशीष गावंडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. इसके अलावा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के आरएमओ महादेव धोपरे, अशोक धोटे, अशोक बुंदेले, राधेश्याम चंदेले, संतोष किल्लेकर तथा संजय बुंदेले सहित अनेक गणमान्य नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे. अस्पताल में स्थापित इस हाईटेक लॉन्ड्री सेंटर में आधुनिक मशीनों के माध्यम से अस्पताल के वस्त्रों की गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और निर्जंतुकीकृत धुलाई की जाएगी. इससे संक्रमण नियंत्रण के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी. इस उद्घाटन समारोह का आयोजन धुराटकर परिवार की ओर से किया गया था. आयोजकों में प्रवीण हंसराज धुराटकर, भारती धुराटकर, आकांक्षा धुराटकर, आकाश धुराटकर, पायल धुराटकर तथा मास्टर आदिक्ष धुराटकर का समावेश था.





