प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद सराफा बाजार में अस्थिरता

सोने खरीद थम जाएगी!

* चंद्रपुर के व्यापारी वर्ग में चिंता
चंद्रपुर /दि.12– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से एक वर्ष तक अनावश्यक सोने की खरीद न करने, ईंधन और खाद्य तेल का उपयोग सीमित रखने तथा विदेश यात्रा से बचने के आह्वान के बाद चंद्रपुर के सराफा व्यापारी, पेट्रोल पंप संचालक और पर्यटन व्यवसायियों में चिंता का माहौल बन गया है. सोमवार को सप्ताह के पहले ही दिन शहर के सराफा बाजार में अपेक्षित भीड़ नहीं दिखाई दी. व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए.
पीएम के आह्वान के बाद चंद्रपुर के सराफा बाजार में व्यापारियों के बीच असहजता का माहौल बन गया है. सामान्यतः सोमवार को बाजार में ग्राहकों की भीड़ रहती है, लेकिन कई सराफा दुकानें दिनभर शांत रहीं. ग्राहक केवल पूछताछ के लिए आ रहे हैं, लेकिन खरीदारी को लेकर अनिश्चितता दिखाई दे रही है, ऐसी प्रतिक्रिया कुछ व्यापारियों ने दी.
दूसरी ओर, ईंधन बचत के आह्वान के बावजूद शहर के पेट्रोल पंपों पर सोमवार को अपेक्षाकृत अधिक भीड़ देखी गई. भविष्य में ईंधन की कीमतें बढ़ने की संभावना के कारण लोग अधिक मात्रा में ईंधन भरवाने लगे हैं. पर्यटन व्यवसायियों में भी चिंता का माहौल है और विदेशी यात्राओं एवं पर्यटन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल प्रधानमंत्री के इस आह्वान के बाद आर्थिक बाजार में विभिन्न स्तरों पर चर्चा जारी है और व्यापारी वर्ग आगे की घटनाओं पर नजर बनाए हुए है.

Back to top button