नागपुर में हत्याकांड नहीं थम रहे

पत्थर से सिर कुचलकर दोस्त की ही हत्या

नागपुर/दि.14 – शहर में हत्याकांडों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और गुरुवार सुबह एमआईडीसी पुलिस सीमा में एक युवक की हत्या की घटना सामने आई. माधवनगरी इलाके के आधार नगर में तड़के के समय आकाश नाम के युवक की उसके तीन दोस्तों ने पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी. खून से लथपथ युवक का शव मिलने से नागरिकों में डर का माहौल पैदा हो गया है. हत्याकांड के बाद हत्यारे अमरावती की दिशा में भाग निकले ऐसी जानकारी मिल रही है.
पुलिस द्वारा दी गई प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब छह बजे आधार नगर में कुछ नागरिकों को सड़क किनारे एक युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ दिखा. शुरुआत में उसके घायल होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन पास जाकर देखने पर युवक का सिर कुचला हुआ मिला. इसके बाद नागरिकों ने तुरंत एमआईडीसी पुलिस को सूचना दी. टीम तत्काल घटनास्थल पर दाखिल हुई. परिसर का निरीक्षण करते हुए फॉरेंसिक और श्वान दल (डॉग स्क्वायड) को बुलाया गया.
प्राथमिक जांच में युवक के हाथ पर ’आकाश’ नाम गुदा हुआ मिला. मृतक के शरीर पर गंभीर मारपीट के साथ-साथ धारदार हथियार से हमले के निशान हैं और सिर पत्थर से कुचला हुआ पाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है. अभी तक मृतक की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है.
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जांचे जा रहे हैं. इसमें चार युवक एक खुले मैदान की ओर जाते हुए दिखे. कुछ समय बाद केवल तीन ही युवक वापस आते दिख रहे हैं. इसलिए संदेह है कि तीन हमलावरों ने ही आकाश की हत्या की है. इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है और एक टीम अमरावती की दिशा में रवाना की गई है.

Back to top button