महावितरण के कर्मचारी दैनिक कामकाज में सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

महावितरण के संचालक राजेंद्र पवार का आवाहन

अमरावती /दि.22- विद्युत हादसे में कमाने वाले व्यक्ति की जान जाने से उसके परिवार की तीन पीढ़ियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. इसलिए महावितरण के तकनीकी कर्मचारियों को दैनिक कामकाज के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए और किसी भी परिस्थिति में विद्युत हादसा न हो, इसके लिए पूरी सावधानी बरतनी चाहिए. साथ ही शून्य विद्युत हादसों का लक्ष्य हमेशा सामने रखना चाहिए, यह आह्वान महावितरण के संचालक (मानव संसाधन) राजेंद्र पवार ने किया.
विद्युत भवन, अमरावती में 21 अगस्त को जिले के जनमित्रों को प्रतिनिधिक स्वरूप में सुरक्षा सामग्री का वितरण संचालक राजेंद्र पवार के हाथों किया गया. इस अवसर पर वे बोल रहे थे. महावितरण के केंद्रीय कार्यालय द्वारा सुरक्षा सामग्री की खरीदी कर सभी तकनीकी कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. इन उपकरणों का उचित उपयोग करते हुए ग्राहकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहने के निर्देश भी पवार ने दिए. कार्यक्रम में अमरावती के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके, अकोला के मुख्य अभियंता दत्तात्रय बनसोडे तथा अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते और राजेश घाटोले प्रमुख रूप से उपस्थित थे.

* लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश
इस अवसर पर संचालक पवार ने मानव संसाधन विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक भी ली. उन्होंने प्रबंधन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक कर्मचारी तक पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही कर्मचारियों के सभी लंबित दावों, पदोन्नति पैनल और अनुशासनात्मक कार्रवाई से संबंधित मामलों का निर्धारित समय में तेजी से निपटारा करने की हिदायत दी.

* विशेष व्हॉट्सऐप सेवा का शुभारंभ
महावितरण के तकनीकी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने तथा उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अमरावती परिमंडल के मानव संसाधन विभाग द्वारा शुरू की गई विशेष व्हॉट्सऐप सेवा का शुभारंभ भी संचालक राजेंद्र पवार के हाथों किया गया. संचालक के तकनीकी सहायक डॉ. संतोष पाटणी ने कार्यक्रम की भूमिका रखी. कार्यक्रम का प्रास्ताविक सहायक महाव्यवस्थापक रूपेश देशमुख ने किया. संचालन प्रबंधक विकास बांबल ने किया, जबकि उपमुख्य औद्योगिक संबंध अधिकारी रामगोपाल अहिर ने आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में कार्यकारी अभियंता प्रदीप अंधारे, विजयकुमार कासट, संजय शृंगारे, रविंद्र वांदिले, उपविधि अधिकारी प्रशांत लहाने, उपमुख्य जनसंपर्क अधिकारी निशिकांत राऊत, प्रबंधक कल्पना भुले सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button