जुआ अड्डों पर एलसीबी का ‘प्रहार’, 26 जुआरी हिरासत में

2.92 लाख रुपये का माल जब्त

* 11 मोबाइल, 1.19 लाख नकद और जुआ सामग्री बरामद
* दो स्थानों पर एक साथ कार्रवाई से मचा हड़कंप
अकोला /दि.22– अवैध जुआ, मटका और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अकोला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्थानीय अपराध शाखा ने 20 अगस्त को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने एक्का-बादशाह और वरली मटका जुआ खेलने तथा खिलाने वाले कुल 26 लोगों को हिरासत में लिया. कार्रवाई के दौरान नकदी, 11 मोबाइल फोन, जुआ सामग्री और सट्टा पर्चियों समेत कुल 2 लाख 92 हजार 590 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया.
20 अगस्त को एलसीबी की टीम अवैध शराब और जुआ कारोबार के खिलाफ गश्त कर रही थी. इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि पुराने शहर थाना क्षेत्र के सोनटक्के प्लॉट स्थित सार्वजनिक स्थान पर पैसों की हार-जीत पर एक्का-बादशाह जुआ चल रहा है. सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस दल ने मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की. वहां कुछ लोग 1 से 10 तक के अंकों तथा गुलाम, रानी और बादशाह के चित्र वाले चार्ट पर पैसों का लेन-देन करते दिखाई दिए. पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में अचानक छापा मारा. पुलिस को देखते ही कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने वाले 23 लोगों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया. मौके से एक्का-बादशाह का चार्ट, 52 ताश के पत्ते, 1 लाख 19 हजार 440 रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 1 लाख 65 हजार रुपये है. इस कार्रवाई में जब्त कुल माल की कीमत 2 लाख 85 हजार 440 रुपये बताई गई है.
* अन्नाभाऊ साठे चौक में वरली मटका अड्डे पर कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई एलसीबी ने अकोटफाइल क्षेत्र के अन्नाभाऊ साठे चौक में की. पुलिस को जानकारी मिली थी कि यहां वरली मटका जुआ अड्डा चल रहा है. इस आधार पर पुलिस ने छापा मारकर शेषराव शिवाजी खवले (65), संतोष उत्तमराव नावकार (61) और जीवन बेसी पपसपगार (64) को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान जुएं का साहित्य और नकदी सहित 7 हजार 150 रुपये का माल जब्त किया. दोनों कार्रवाई में कुल 26 लोगों को हिरासत में लेकर 2,92,590 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया. एक ही दिन में दो अलग-अलग जुआ अड्डों पर एलसीबी की कार्रवाई से अवैध जुआ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. .
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी, पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर, सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश देशमुख एवं गोपाल जाधव तथा पुलिस उपनिरीक्षक अनिल चव्हाण, विष्णु बोडखे और मजीद पठाण के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के जवान फिरोज खान, सुलतान पठाण, उमेश पराये, भास्कर धोत्रे, अजाज अहमद, अब्दुल मजीद, स्वप्नील खेडकर, राहुल गायकवाड़, अन्सार अहमद, राज चंदेल, मोहम्मद अमीर, पवन डबलकर, उदय शुक्ला और स्वप्नील चौधरी के दल ने की.

Back to top button