26 व 27 दिसंबर को माहेश्वरी समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन

श्री माहेश्वरी सामूहिक सेवा समिति की सभा में लिया निर्णय

अमरावती/दि.13- शहर की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था श्री माहेश्वरी सामूहिक सेवा समिति की कार्यकारिणी की सभा अध्यक्ष रामेश्वर गग्गड की अध्यक्षता में संपन्न हुई. सभा में लिए गए निर्णय के अनुसार माहेश्वरी समाज युवक-युवती सम्मेलन 26 व 27 दिसंबर को स्थानीय महेश भवन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया. यह परिचय सम्मेलन प्रसिद्ध दानशूर स्व. नारायणदासजी लक्ष्मीनारायणजी पनपालिया की स्मृति में होगा. स्व. नारायणदासजी चांदुर रेलवे के जानेमाने व्यक्तित्व तथा कृषि व्यवसायी थे. वे करीब 25 वर्ष तक मांजरखेड शिव संस्थान के अध्यक्ष रहे. समय-समय पर समाज के हर क्षेत्र में उन्होंने अपना योगदान और दान भी दिया. इस परिचय सम्मेलन हेतु स्व. नारायणदासजी की स्मृति में गोपाल प्रशांत पनपालिया की ओर से श्री माहेश्वरी सामूहिक सेवा समिति को धनराशि मुहैया कराई जाएगी. प्रशांत पनपालिया भी अमरावती के व्यवसाय क्षेत्र में एक स्थापित नाम है. उन्हें समाजसेवा की प्रेरणा उनके पिता तथा माता गंगादेवी से मिली है.
माहेश्वरी सामूहिक सेवा समिति का यह दूसरा परिचय सम्मेलन है. करीब 25 वर्ष के अंतराल के बाद साल 2025 में समाजबंधुओं की मांग पर पहला परिचय सम्मेलन अध्यक्ष रामेश्वर गग्गड ने लेने का बिडा उठाया. गग्गडजी ने अपने साथी कार्यकर्ता सुभाष साबू, शांतिलाल कलंत्री, राजेश हेडा, राजेंद्र सोनी, नंदकिशोर कलंत्री, बंकटलाल राठी, गोपालदास राठी, निर्मल लढ्ढा की मदद से इस परिचय सम्मेलन के संयोजक की जिम्मेदारी प्रा. जगदीश कलंत्री को सौंपी. गग्गडजी, कलंत्रीजी तथा समाज के सभी कार्यकर्ताओं की जीतोड मेहनत के चलते इस पहले परिचय सम्मेलन में युवक-युवतियों की करीब 600 प्रविष्ठियां आयी, जिसमें युवक 355 तथा युवतियों की 245 प्रविष्ठियां थी. जिसमें अकोला, नागपुर, वर्धा, संभाजी नगर, यवतमाल, खामगांव, तेल्हारा, आर्वी के साथ-साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, आंध प्रदेश, तेलंगना से भी प्रतिष्ठियां प्राप्त हुई थी.
इस सम्मेलन की विशेषता यह थी कि, जो युवती अपना परिचय देने मंच पर आई, उसका प्रवेश शुल्क वापिस किया गया. पहले परिचय सम्मेलन के माध्यम से करीब 57 संबंध होने की जानकारी है तथा उस वक्त प्रकाशित की गई परिचय पुस्तिका आज भी अभिभावकों का मार्गदर्शन कर रही है. इस पहले परिचय सम्मेलन में अभिभावकों का, सामाजिक कार्यकर्ताओं का तथा दानदाताओं का भरपूर सहयोग मिला. अब जबकि समाजजनों की भारी मांग पर श्री माहेश्वरी सामूहिक सेवा समिति ने पुन: 26 तथा 27 दिसंबर 2026 को दूसरा परिचय सम्मेलन लेने का संकल्प लिया है. अनुभव को देखते हुए इस परिचय सम्मेलन के संयोजक की जिम्मेदारी प्रा. जगदीश कलंत्री को सौंपी गई है. समिति के सभी सदस्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जुट गए है. सभा में विविध क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए उपस्थित सदस्यों सत्कार किया गया तथा अध्यक्ष को उनकी विदेश यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गई. सभा में अध्यक्ष रामेश्वर गग्गड, सुरेश साबू, गोपालदास राठी, जगदीश कलंत्री, सचिव शांतिलाल कलंत्री, राजेश हेडा, राजेंद्र सोनी, नंदकिशोर कलंत्री, निर्मल लढ्ढा, उमेश चांडक, नरेश झंवर, राजेंद्र राठी, बंकटलाल राठी, ओमप्रकाश चांडक, कमल सोनी उपस्थित थे, ऐसी जानकारी सचिव शांतिलाल कलंत्री ने एक प्रेस विज्ञप्ति द्वारा दी है.

Back to top button