एनसीपी और टीएमसी के कांग्रेस में विलय की प्रक्रिया शुरू

नाना पटोले का बड़ा दावा

नागपुर/दि.13 – महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े राजनीतिक बदलाव की चर्चा तेज हो गई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने दावा किया है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और तृणमूल कांग्रेस का कांग्रेस में विलय करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हो चुकी है.
दिल्ली रवाना होने से पहले नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पटोले ने कहा कि देश में संवैधानिक व्यवस्था कमजोर हो रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों का एक साथ आना जरूरी है. उनके अनुसार, यह प्रस्ताव नया नहीं है, बल्कि पहले से ही विचाराधीन था और अब उस दिशा में औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. पटोले ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लीकार्जुन खरगे देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए संगठनात्मक रणनीति पर काम कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार को सत्ता से हटाना विपक्ष का मुख्य एजेंडा है और इसी दिशा में रणनीतिक बातचीत चल रही है.
पटोले ने दावा किया कि कुछ क्षेत्रीय दलों के नेता भी इस पर विचार कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने शरद पवार गुट और टीएमसी के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर यह प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो इसका राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा असर होगा. पटोले ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच समन्वय की कोशिशें तेज हो रही हैं, जबकि बीजेपी पर उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया. इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और विभिन्न दलों की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है.

Back to top button