छत पर सोने गये व्यक्ति की नीचे गिरने से मौत

अचलपुर के फैजपुरा परिसर की घटना

अचलपुर /दि.17– शहर के सुल्तानपुर परिसर के फैजपुर इलाके में रहने वाले एक मजदूर युवक की नीचे गिरने से मृत्यु हो गई. यह घटना मंगलवार 16 जून को सुबह उजागर हुई. इस घटना से परिसर में शोक व्याप्त है. मृतक का नाम विजय पंजाबराव गाडे (40) है.
मृतक विजय गाडे मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट भरता था. उसे शासन के घरकुल योजना के तहत एक कमरा मिला था. लेकिन घर में पंखा अथवा कूलर न रहने से ग्रीष्मकाल वह अनेक बार घर के पास स्थित भाग्योदय हॉल की छत पर सोने के लिए जाता था. सोमवार की रात भी वह हमेशा की तरह सोने के लिए छत पर गया था. मंगलवार को सुबह वह भाग्योदय हॉल के पास नीचे गिरी हुई अवस्था में दिखाई दिया. नागरिकों को यह पता चलते ही घटनास्थल पर भारी भीड जमा हो गई. निरीक्षण करने पर गाडे की मृत्यु होने का पता चला. विजय गाडे किस अवस्था में छत से गिरा यह पता नहीं चल पाया. मामले की जांच सरमसपुरा पुलिस आगे कर रही है. गाडे अविवाहित था. उसके पीछे एक विवाहित बहन है. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.

Back to top button