पुणे में कचरे का पहाड इमारत पर ढहा

10 लोग मलबे में दबे, 3 की मौत

* मोशी कचरा डिपो में बड़ा हादसा
* मौके पर राहत व बचाव कार्य जारी
पुणे/दि.8- महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मोशी कचरा डिपो में गुरुवार को एक भीषण हादसा हो गया. अतिवृष्टि के कारण कचरे का विशाल ढेर अचानक खिसककर एक दो मंजिला इमारत पर गिर पड़ा, जिससे इमारत भरभराकर ढह गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 3 कर्मचारियों की मौत हो जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि 8 से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. जिसके चलते घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य तेजी के साथ जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि इमारत कुछ ही क्षणों में ताश के पत्तों की तरह ढह गई. घटना के समय इमारत के भीतर कई कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे. स्थानीय लोगों का दावा है कि इसमें से तीन कर्मचारियों की मौत हो चुकी है. वहीं मलबे के नीचे 10 से 14 लोगों के फंसे होने की आशंका है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. इसके बाद अग्निशमन विभाग, आपदा राहत दल और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. जेसीबी मशीनों और अन्य भारी उपकरणों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. घटनास्थल पर कई एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है. प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है.
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण कचरे का ढेर अस्थिर होकर खिसक गया, जिससे यह दुर्घटना हुई. हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जिस इमारत पर कचरे का ढेर गिरा, वह अधिकृत थी या अनधिकृत. इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है. मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

Back to top button