मुंबई लूटी, राम मंदिर के पैसों पर भी डाका

नाना पटोले का भाजपा-महायुति पर तीखा हमला

मुंबई/दि.1 – महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत के मामले को लेकर राज्य सरकार और भाजपा-महायुति पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई मनपा में भ्रष्टाचार के कारण यह हादसा हुआ और मामले में न्यायालय से खुद संज्ञान लेने की मांग की.
पटोले ने कहा कि भाजपा और महायुति ने मुंबई के विकास का सपना दिखाकर मनपा पर नियंत्रण तो हासिल किया, लेकिन विकास कार्यों के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबईकरों के टैक्स का पैसा विकास के बजाय लूट का माध्यम बन गया है, जिसका परिणाम मानसून की शुरुआत में ही शहर की बदहाल स्थिति के रूप में सामने आया. उन्होंने कहा कि यदि मानसून पूर्व पेड़ों की खतरनाक शाखाओं की छंटाई, सड़कों और नालों की मरम्मत जैसे जरूरी कार्य समय पर किए गए होते, तो चेंबूर की यह दुखद घटना टाली जा सकती थी. उनके अनुसार सरकार अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने को तैयार नहीं है.
पटोले ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार में इतनी डूबी हुई है कि जनता की समस्याओं पर उसका ध्यान ही नहीं है. उन्होंने न्यायालय से इस मामले में स्वत: संज्ञान लेकर सरकार को जवाबदेह ठहराने की मांग की. साथ ही आरोप लगाया कि पूरे महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार का माहौल है और सरकार 55 प्रतिशत कमीशन पर काम कर रही है. राजनीतिक घटनाक्रम पर बोलते हुए उन्होंने महायुति पर विपक्षी दलों के विधायकों और सांसदों को अपने पक्ष में लाने के लिए धनबल का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को सुलझाने के बजाय विपक्ष को तोड़ने की राजनीति की जा रही है.
राम मंदिर निधि में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए पटोले ने आरोप लगाया कि जनता का ध्यान इस मामले से हटाने के लिए विपक्षी नेताओं को अपने साथ लाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था से जुड़े धन के कथित दुरुपयोग पर चर्चा से बचने के लिए नए राजनीतिक मुद्दे खड़े किए जा रहे हैं. किसान कर्जमाफी के मुद्दे पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली विधानसभा में किसानों की पूर्ण कर्जमाफी और सातबारा कोरा करने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक उसे लागू नहीं किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और आम जनता से किए गए वादे पूरे करने में विफल रही है.

Back to top button