लोकतंत्र बचाने की निर्णायक लड़ाई में कांग्रेस

4 जुलाई को अमरावती में एसआईआर प्रशिक्षण शिविर

* 322 बूथों पर बीएलए की नियुक्ति पूरी
* सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य
* कांग्रेस के शहराध्यक्ष बबलू शेखावत की जानकारी
अमरावती/दि.1- महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के निर्देशानुसार राज्यभर में चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान के तहत अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक तैयारियां पूरी कर ली हैं. अमरावती विधानसभा क्षेत्र के सभी 322 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति पूरी कर उनकी सूची बूथवार तैयार कर जिलाधिकारी एवं तहसील कार्यालय में जमा कर दी गई है.
इसी अभियान के तहत शनिवार 4 जुलाई को सुबह 11.30 बजे कांग्रेस भवन (नई इमारत), अमरावती में विशेष एसआईआर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. यह प्रशिक्षण लगभग एक घंटे का होगा, जिसमें सभी बीएलए, कांग्रेस पदाधिकारी, विभाग अध्यक्ष, सेल प्रमुख, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है. अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत ने कहा कि एसआईआर केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र और प्रत्येक मतदाता के संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. यदि इस प्रक्रिया पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के सामने अनेक चुनौतियां हैं. केवल सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से संगठन मजबूत नहीं होता, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना ही कांग्रेस की वास्तविक परंपरा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा, जबकि केवल सोशल मीडिया तक सीमित दिखावटी राजनीति करने वालों को संगठन में प्राथमिकता नहीं मिलेगी. बबलू शेखावत ने यह भी घोषणा की कि अगले 15 दिनों में अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा. इसमें पार्टी के प्रति निष्ठा, जनसंपर्क, सामाजिक सरोकार, संगठनात्मक क्षमता और जनता के मुद्दों पर सक्रिय रूप से संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि आगामी 7 दिनों के बाद वे शहर के सभी 22 प्रभागों के प्रत्येक वार्ड का दौरा कर संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे. साथ ही कांग्रेस के लिए ईमानदारी से कार्य करने और जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने के इच्छुक लोगों से उनसे संपर्क करने का भी आह्वान किया. अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल हों.

Back to top button