सातुर्णा बना सट्टे का गढ़! अवैध धंधों पर पुलिस की चुप्पी
जन्ना-मन्ना, बट्टा और वरली मटका का खुला खेल

* युवाओं व मजदूरों की मेहनत की कमाई हो रही बर्बाद
* अमरावती नागरी कृति समिति की आंदोलन की चेतावनी
अमरावती/दि.1 – शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र अंतर्गत सातुर्णा परिसर में एक बार फिर अवैध सट्टा कारोबार के फलने-फूलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि इलाके में वरली मटका, रनिंग वरली, जन्ना-मन्ना और बट्टा सट्टे का धंधा खुलेआम चल रहा है, जहां बड़ी संख्या में सटोरिए पहुंच रहे हैं.
* गरीब और युवा बन रहे निशाना
बताया जा रहा है कि रोज मेहनत-मजदूरी करने वाले कई लोग जल्द अमीर बनने की लालच में अपनी दिनभर की कमाई इन जुआ अड्डों पर गंवा रहे हैं. वहीं, बड़ी संख्या में युवा भी जन्ना-मन्ना और बट्टा सट्टे के जाल में फंसकर आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं.
* शहर में कई जगह सक्रिय होने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, केवल सातुर्णा ही नहीं बल्कि शहर के अन्य इलाकों में भी चक्री सट्टा और अन्य अवैध जुए के कारोबार फिर से सक्रिय होने की चर्चाएं हैं. इससे कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर भी सवाल उठ रहे हैं.
* नागरी कृति समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी
अमरावती नागरी कृति समिति ने शहर पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध धंधों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए. समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.
* शराब, बीयर बार और अवैध कारोबार से बढ़ी चिंता
सातुर्णा क्षेत्र में देशी शराब की दुकान, बडनेरा रोड पर बीयर बार, होटल और खाद्य ठेलों की भीड़ के बीच अवैध गतिविधियों के बढ़ने से किसी भी गंभीर आपराधिक घटना की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है.
* थानेदार संदीप चव्हाण से लोगों की उम्मीदें
क्राइम ब्रांच में रहते हुए अपराधियों पर सख्ती के लिए पहचान बना चुके निरीक्षक संदीप चव्हाण अब राजापेठ थाने की कमान संभाल रहे हैं. ऐसे में नागरिकों को उनसे अवैध सट्टा कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि राजापेठ पुलिस इन चर्चित अवैध धंधों पर क्या कदम उठाती है.