नागपुर पुलिस का होटल हेरिटेज पर छापा

हुक्का पीते मिले 45 युवक-युवतियां

* 9 कॉलेज छात्राएं भी हिरासत में, 3.57 लाख रुपये का सामान जब्त
नागपुर/दि.2- शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लरों के खिलाफ नागपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल लाइंस स्थित होटल हेरिटेज पर छापा मारा. इस कार्रवाई में हुक्का सेवन करते पाए गए 45 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 9 कॉलेज छात्राएं भी शामिल हैं. पुलिस ने मौके से हुक्का सामग्री सहित लगभग 3 लाख 57 हजार रुपये का सामान जब्त किया है.
जानकारी के अनुसार नागपुर के नए पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने पदभार संभालने के बाद अवैध धंधों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के संकेत दिए थे. इसी क्रम में अपराध शाखा के डीसीपी दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में एनडीपीएस टीम ने बुधवार देर रात यह छापेमार कार्रवाई की.
* होटल में चल रहा था अवैध हुक्का पार्लर
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित होटल हेरिटेज में अवैध रूप से हुक्का पार्लर संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने छापा मारा और बड़ी संख्या में युवक-युवतियों को हुक्का पीते हुए पकड़ा. कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के हुक्का पॉट, फ्लेवर, कोयला और अन्य सामग्री जब्त की गई. मामले में होटल के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है.
* राजनीतिक दबाव की भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुछ राजनीतिक हस्तियों द्वारा दबाव बनाने की कोशिश किए जाने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने बिना किसी दबाव के कार्रवाई जारी रखी. हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
* पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
बताया जा रहा है कि होटल हेरिटेज में अवैध हुक्का पार्लर संचालित होने की शिकायतें पहले भी मिल चुकी थीं और पूर्व में भी यहां कार्रवाई हुई थी. इसके बावजूद गतिविधियां जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही थीं.

Back to top button