29 को नीतेश राणे की परतवाडा में जनसभा

पहले ही जुडवां शहर में वायरल वीडियो कांड से मामला है गर्म

* अब वातावरण के और भी अधिक तपने के पूरे आसार
परतवाड़ा/अचलपुर /दि.25- परतवाड़ा के अश्लील वीडियो कांड ने पूरे अमरावती जिले ही नहीं, बल्कि राज्यभर को झकझोर कर रख दिया है. इस सनसनीखेज प्रकरण ने समाज को भीतर तक हिला दिया है और हर परिवार, विशेषकर बेटियों के अभिभावकों के मन में भय, आक्रोश और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है. नाबालिग किशोरियों के कथित शोषण और अश्लील वीडियो वायरल किए जाने के इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर शर्म और चिंता का विषय बना दिया है. इसी गंभीर प्रकरण को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है. मामले की संवेदनशीलता और जनआक्रोश को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता तथा विधायक नीतेश राणे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता मीराताई कड़बे तथा सामाजिक कार्यकर्ता सागर बेग आगामी 29 अप्रैल को परतवाड़ा पहुंचने वाले हैं. जिसके चलते माना जा रहा है कि, जुडवां शहर में पहले से ही गरमाया हुआ वातावरण अब और भी अधिक तपनेवाला है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों प्रमुख हस्तियां इस बहुचर्चित प्रकरण की पृष्ठभूमि, स्थानीय स्थिति तथा जनभावनाओं का आकलन करेंगी. इसके बाद शाम 6 बजे स्थानीय जयस्तंभ चौक पर एक जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से चर्चा की जाएगी. जनसभा में पीड़ितों के पक्ष में आवाज बुलंद करने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाने तथा समाज को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिए जाने की संभावना है. सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व इस प्रकरण को केवल एक आपराधिक घटना के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और बेटियों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दे के रूप में देख रहा है. इसी कारण इस जनसभा को प्रतीकात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि इस मामले का मुख्य आरोपी अयान का घर भी जयस्तंभ परिसर में ही स्थित बताया जा रहा है, जिससे इस स्थान का चयन राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से और अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है. शनिवार देर शाम स्थानीय विधायक प्रवीण तायडे अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जयस्तंभ परिसर पहुंचे. वहां उन्होंने सभा स्थल का निरीक्षण किया और मंच निर्माण, जनसभा की दिशा, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा सभा संचालन को लेकर संबंधित कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए. सूत्रों के अनुसार, सभा को लेकर स्थानीय भाजपा संगठन ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं.
इसके साथ ही यह जानकारी भी सामने आई है कि अंजनगांव के प्रसिद्ध धर्मगुरु जितेंद्रनाथ महाराज की भी इस मंच पर उपस्थिति संभव है. यदि ऐसा होता है, तो सभा को सामाजिक और धार्मिक समर्थन का व्यापक स्वरूप मिल सकता है. हालांकि, शनिवार रात तक कार्यक्रम की आधिकारिक रूपरेखा और अतिथियों की अंतिम सूची पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा जारी किया जाना शेष था. इस प्रस्तावित जनसभा को लेकर परतवाड़ा-अचलपुर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और अभिभावकों की नजर अब 29 अप्रैल की इस सभा पर टिक गई है. माना जा रहा है कि यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा, सामाजिक जवाबदेही और दोषियों के खिलाफ सामूहिक आवाज का मंच बन सकती है.

Back to top button