हर तीन में से एक यात्री ने रद्द किया टिकट, रेलवे को कैंसिलेशन चार्ज से करोड़ों की कमाई

2025 में 88.38 लाख यात्रियों ने टिकट कैंसिल किए

* रेलवे को मिला 59.40 करोड़ रुपये का शुल्क
नागपुर /दि.8- ट्रेन यात्रा के लिए एडवांस रिजर्वेशन कराने के बावजूद बड़ी संख्या में यात्री अंतिम समय में अपनी यात्रा रद्द कर रहे हैं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2025 में सेंट्रल रेलवे से यात्रा शुरू करने वाले 2.56 करोड़ यात्रियों में से 88 लाख 38 हजार 969 यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल किए. यह कुल यात्रियों का करीब 34.53 प्रतिशत है.
टिकट कैंसिलेशन से रेलवे को 59.40 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. इस दौरान रेलवे को कुल यात्री राजस्व 7,314.8 करोड़ रुपये मिला, जिसमें कैंसिलेशन चार्ज की हिस्सेदारी करीब 8.12 प्रतिशत रही. यही स्थिति वर्ष 2026 के शुरुआती पांच महीनों में भी देखने को मिली. 1 जनवरी से 31 मई 2026 के बीच करीब 1.12 करोड़ यात्रियों ने सेंट्रल रेलवे से यात्रा शुरू की, जिनमें से 36 लाख 93 हजार 17 यात्रियों ने टिकट कैंसिल किए. यह संख्या कुल यात्रियों की करीब 32.97 प्रतिशत है. इस अवधि में टिकट कैंसिलेशन चार्ज से रेलवे को 25.51 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जो कुल यात्री राजस्व का करीब 7.81 प्रतिशत है. रेलवे के नियमों के अनुसार टिकट कैंसिल करने पर शुल्क लिया जाता है और रिफंड की राशि टिकट कैंसिल करने के समय, टिकट के प्रकार तथा रिजर्वेशन की स्थिति के आधार पर अलग-अलग होती है. आंकड़ों से स्पष्ट है कि सेंट्रल रेलवे से यात्रा करने वाले लगभग हर तीन यात्रियों में से एक यात्री टिकट कैंसिल कर रहा है.

Back to top button