भरी चौक में पुलिस को धमकी देना पड़ा भारी, नशेड़ी युवक की निकली हेकड़ी

रुक्मिणी नगर चौक पर आधी रात हाई-वोल्टेज ड्रामा

* समझाने पर भी नहीं माना, पुलिस का ताफा पहुंचते ही उतरा नशा और दबंगाई
अमरावती/दि.8- शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने रात की गश्त और अधिक सख्त कर दी है. इसी का असर रविवार 6 सितंबर की देर रात रुक्मिणी नगर चौक में देखने को मिला, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक पुलिस कर्मचारियों से ही उलझ गया. इतना ही नहीं, युवक ने कथित तौर पर पुलिस को धमकाते हुए भरी सड़क पर जमकर हंगामा किया. मामला बढ़ने पर पुलिस का ताफा मौके पर पहुंचा और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया.
* पहले समझाया, फिर भी नहीं माना
जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात फ्रेजरपुरा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम इलाके में गश्त कर रही थी. वरिष्ठ अधिकारी के वाहन में तैनात पुलिस कर्मचारी रुक्मिणी नगर चौक पहुंचे, जहां उन्हें तीन युवक शराब के नशे में दिखाई दिए. रात का समय होने के कारण पुलिस कर्मचारियों ने युवकों को समझाया और विवाद से बचते हुए अपने-अपने घर जाने की सलाह दी. समझाइश के बाद तीनों युवक वहां से चले गए. लेकिन पुलिस टीम के आगे बढ़ते ही वे कुछ दूरी पर रुककर फिर चौक की ओर लौट आए. पुलिस की नजर दोबारा उन पर पड़ी तो उन्हें फिर समझाया गया और सार्वजनिक स्थान पर खड़े न रहने तथा घर जाने के लिए कहा गया.
* बहस से शुरू हुआ मामला, धमकी तक पहुंचा
इसी दौरान एक युवक पुलिस कर्मचारियों से बहस करने लगा. देखते ही देखते उसने कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल शुरू कर दिया और खुद को दबंग बताते हुए पुलिस से ही उलझ गया. मामला तब गंभीर हो गया, जब युवक ने कथित रूप से पुलिस कर्मचारियों को धमकी देना शुरू कर दिया. भरे चौक में पुलिस को धमकी दिए जाने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई. पुलिस कर्मचारियों ने बिना स्थिति बिगाड़े तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी.
* पुलिस का ताफा पहुंचते ही बदला माहौल
सूचना मिलते ही पुलिस के वाहन तत्काल रुक्मिणी नगर चौक पहुंचे. कई पुलिस वाहन मौके पर पहुंचते ही युवक की दबंगाई ज्यादा देर नहीं टिक सकी. पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लिया और उसे राजापेठ पुलिस थाने ले जाया गया. वहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई.
* रात की गश्त से असामाजिक तत्वों पर नजर
पुलिस प्रशासन ने शहर में आपराधिक घटनाओं को देखते हुए रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाई है. प्रमुख चौराहों के साथ संवेदनशील इलाकों और गली-मोहल्लों में भी पुलिस की लगातार नजर है. रुक्मिणी नगर चौक की घटना ने यह संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा करना या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को धमकाना भारी पड़ सकता है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मौके पर स्थिति नियंत्रित हो गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए मची खलबली भी शांत हो गई.

Back to top button