गणेशोत्सव से पहले सजा अमरावती का बाजार
मखर और सजावटी सामान 10 से 15% महंगे

* महंगाई के बावजूद भक्तों का उत्साह बरकरार
* आकर्षक गणेश प्रतिमाओं और सजावटी मखरों की बढ़ी मांग
अमरावती/दि.8– श्री गणेश के आगमन में अब केवल सात दिन शेष हैं. ऐसे में शहर के बाजारों में गणेश प्रतिमाओं, आकर्षक मखरों और सजावटी सामान की दुकानें सज गई हैं. बाजारों में गणेशोत्सव की तैयारियों को लेकर रौनक बढ़ गई है. हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मखर और सजावटी सामग्री के दाम करीब 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं, इसके बावजूद भक्तों के उत्साह पर महंगाई का खास असर दिखाई नहीं दे रहा है.
व्यापारियों के मुताबिक ईंधन और परिवहन खर्च बढ़ने के साथ कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि इसका प्रमुख कारण है. हार्ड फोम, कार्डबोर्ड, प्लाईवुड, लकड़ी, मेटल, कपड़ा, मखमल और इको-फ्रेंडली सजावटी सामग्री महंगी हुई है. वहीं, कारीगरों की मजदूरी तथा एलईडी लाइटिंग और अन्य सजावटी सामान की लागत बढ़ने से भी कीमतों में इजाफा हुआ है.
* 400 रुपये से 20 हजार तक के मखर
बाजार में हार्ड फोम और कार्डबोर्ड से बने आकर्षक मखरों की सबसे ज्यादा मांग है. इनके अलग-अलग हिस्सों को आसानी से जोड़ा और हटाया जा सकता है. इसके अलावा लकड़ी और मेटल के मखर भी उपलब्ध हैं. मखरों की कीमत करीब 400 रुपये से शुरू होकर 15 से 20 हजार रुपये तक पहुंच रही है. मखर की कीमत उसके आकार, निर्माण सामग्री, डिजाइन और नक्काशी के आधार पर तय होती है. मखर में गणेश प्रतिमा स्थापित करने से प्रतिमा सुरक्षित रहने के साथ उसकी सुंदरता भी और अधिक निखरती है. यही कारण है कि कई श्रद्धालु पहले मखर की खरीदारी कर रहे हैं और उसके बाद गणेश प्रतिमा की बुकिंग कर रहे हैं.
* सजी-धजी गणेश प्रतिमाओं की बढ़ी मांग
इस वर्ष आकर्षक पोशाक और आभूषणों से सजी गणेश प्रतिमाओं की मांग भी काफी बढ़ी है. पगड़ी, मुकुट, मोतियों के हार, मेडल, सीपियां, हाथों के कंगन, पैरों के आभूषण, पीतांबर, शानदार कपड़े और आर्टिफिशियल मल्टीकलर स्टोन जैसी सजावटी सामग्री की कीमतों में भी 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है. इनमें से कई सामग्री मुंबई, पुणे, गुजरात और कोलकाता से मंगाई जा रही है. व्यापारियों का कहना है कि कीमतें बढ़ने के बावजूद भक्त अपने बजट के अनुसार जमकर खरीदारी कर रहे हैं. गणेशोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह और श्रद्धा बनी हुई है. राजन वैद्य, साहित्य विक्रेता ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह रहता है. महंगाई के बावजूद सजी हुई गणेश प्रतिमाओं और आकर्षक सजावटी सामग्री की मांग इस वर्ष भी अच्छी बनी हुई है.





