गणेशजी के साथ विराजेंगी मां लक्ष्मी, गणेश मंडलों को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

अमरावती/दि.8– गणेशोत्सव को राज्य उत्सव के रूप में मनाने की पहल के तहत इस वर्ष सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. राज्य के सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत पी. एल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी, मुंबई की ओर से ‘महाराष्ट्र राज्य सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया है. प्रतियोगिता का विस्तार राज्य से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक किया गया है.
इस प्रतियोगिता में सार्वजनिक गणेशोत्सव आयोजित करने वाले पंजीकृत मंडल निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करते हुए ऑनलाइन आवेदन कर हिस्सा ले सकते हैं. प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले गणेश मंडलों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य से लेकर तहसील स्तर तक विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे.
* सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों को मिलेंगे अंक
प्रतियोगिता में केवल गणेश प्रतिमा और सजावट ही नहीं, बल्कि मंडल द्वारा किए जाने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक, जनजागरूकता और अन्य रचनात्मक उपक्रमों का भी मूल्यांकन किया जाएगा. इन गतिविधियों के आधार पर मंडलों को अंक प्रदान किए जाएंगे.
* जिले में 2,399 पंजीकृत गणेश मंडल
अमरावती शहर और जिले में इस वर्ष कुल 2,399 पंजीकृत सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल हैं. इन सभी मंडलों के पास प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों के आधार पर पुरस्कार जीतने का अवसर है.
* ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पंजीकृत गणेश मंडल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्रतियोगिता के लिए निर्धारित नियम, शर्तें और आवेदन प्रक्रिया के अनुसार मंडलों को अपना पंजीकरण कराना होगा.





