गांधी चौक के बड़े बालाजी मंदिर में आधी रात गूंजे ढोल-ताशे
धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

* भक्तों ने जयकारों के साथ मनाया कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
* मंदिर की आकर्षक सजावट ने मोहा मन
अमरावती/दि.8– स्थानीय गांधी चौक स्थित श्री बड़े बालाजी मंदिर में शुक्रवार, 4 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया. जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर परिसर ढोल-ताशों की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा. बड़ी संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया.
इस अवसर पर बड़े बालाजी मंदिर के महंत एवं उत्तराधिकारी मुरारीदास महाराज गुरु ईश्वरदास के मार्गदर्शन में मंदिर की आकर्षक सजावट की गई थी. रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक वातावरण दिखाई दे रहा था. मध्यरात्रि में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर भक्तों ने ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘गोविंदा-गोविंदा’ के जयघोष किए. मंदिर में देर रात तक भक्तों की भीड़ बनी रही.
कार्यक्रम में किशोर नवले, रोशनी श्रीवास, माधुरी श्रीवास, देवीकर, गौरव कोड़पकर, संकेत नवले, प्रदीप शर्मा, हरीश शर्मा, नीतेश शर्मा एवं शर्मा परिवार, संजय जायसवाल, मनीष जायसवाल, व्यंकटेश जायसवाल, राम गुर्दे, अमित जायसवाल, प्रतीक आकारे, राहुल करपेकर, सुनील उप्पलकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जन्मोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता की. पूरे आयोजन के दौरान बड़े बालाजी मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और धार्मिक आस्था का मनोहारी वातावरण बना रहा.





