तहसीलदार के कक्ष के सामने फेंका धान

निकृष्ट राशन चावल से भड़के लाभार्थी

बुलढाणा/चिखली /दि.25- सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन के घटिया चावल को लेकर चिखली में लाभार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. राशन दुकान से मिले खराब और कीड़े लगे चावल को लेकर संतप्त लाभार्थी सीधे तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार के कक्ष के सामने ही चावल फेंककर प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया.
लाभार्थियों ने आरोप लगाया कि चिखली शहर की कुछ राशन दुकानों से ऐसा चावल वितरित किया जा रहा है, जो खाने योग्य नहीं है. चावल में कीड़े लगे होने के साथ ही वह अत्यंत खराब और चूरे जैसा होने की शिकायत भी की गई. इस दौरान लाभार्थियों ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब यह अनाज इंसान के खाने लायक नहीं है तो इसे गरीब परिवारों को क्यों वितरित किया जा रहा है?
आक्रोशित लाभार्थियों ने कहा, हमारे घर की मुर्गियां भी यह चावल नहीं खातीं. अधिकारी अपने परिवार के साथ यह चावल खाकर देखें, तब उन्हें इसकी गुणवत्ता का पता चलेगा. एक लाभार्थी ने तहसीलदार को चुनौती देते हुए कहा कि वे सहपरिवार उनके घर आएं और इसी चावल की खिचड़ी खाएं, इसके बाद ही गरीबों को यह अनाज वितरित किया जाए.
तहसील कार्यालय के सामने हुए इस विरोध के बाद राशन वितरण व्यवस्था और आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. लाभार्थियों ने मांग की कि वितरित किए जा रहे चावल की तत्काल जांच कराई जाए और यदि अनाज की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित राशन दुकानदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही भविष्य में लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की गई है.

Back to top button