राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज

डेप्यूटी सीएम शिंदे ने बुलाई शिवसेना के मंत्रियों की अहम बैठक

* खराब प्रदर्शन वाले मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, नए चेहरों को मौका मिलने की चर्चा
मुंबई/दि.14- महाराष्ट्र में विधानसभा के मानसून सत्र के समापन के बाद अब राज्य मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. इसी बीच उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख नेता एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को मुंबई स्थित अपने नंदनवन बंगले पर शिवसेना कोटे के सभी कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई. राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आगामी मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित खांदेपालट (फेरबदल) से जोड़कर देखा जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार, विभिन्न महामंडलों में नियुक्तियां तथा संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई. बताया जा रहा है कि कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर असंतोष भी व्यक्त किया गया है, जिसके चलते आगामी विस्तार में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है.
* ऑपरेशन टाइगर के बाद पहली बड़ी रणनीतिक बैठक
हाल ही में शिवसेना (शिंदे गुट) द्वारा चलाए गए कथित ऑपरेशन टाइगर के तहत उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद यह पहली बड़ी राजनीतिक बैठक मानी जा रही है. इस घटनाक्रम के बाद शिंदे गुट का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब संगठन तथा सत्ता में अपनी स्थिति और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि मंत्रिमंडल विस्तार होता है तो शिवसेना अपने संगठनात्मक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मंत्रिमंडल में स्थान देने का प्रयास कर सकती है.
* दिल्ली दौरे पर रवाना हुए शिंदे
बैठक के बाद एकनाथ शिंदे दिल्ली के लिए रवाना हो गए. उनका यह एकदिवसीय दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. केंद्र में भी मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें चल रही हैं और ऐसे समय में शिंदे का दिल्ली दौरा राजनीतिक दृष्टि से चर्चा का विषय बन गया है. सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में शिंदे की भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो सकती है, जिसमें राज्य की राजनीतिक स्थिति, मंत्रिमंडल विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
* उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा. उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन को उद्धव ठाकरे द्वारा दिए गए समर्थन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ लोग हमेशा बाहर से समर्थन देने की भूमिका निभाते हैं. शिंदे ने कहा कि जब भी सरकार विरोधी आंदोलन होते हैं, तब ऐसे आंदोलनों को समर्थन देने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से ऐसे मुद्दों में सक्रिय होते हैं.
* राजनीतिक हलकों में बढ़ी उत्सुकता
राज्य मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है. माना जा रहा है कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप दिया जा सकता है. यदि फेरबदल होता है तो कई वर्तमान मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जबकि कुछ नए विधायकों को पहली बार मंत्री बनने का अवसर मिल सकता है. हालांकि सरकार की ओर से अभी तक किसी भी संभावित विस्तार या फेरबदल को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

Back to top button