नागपुर ग्रामीण आरटीओ में भ्रष्टाचार के आरोप, शिवसेना का प्रदर्शन
दो मोटर वाहन निरीक्षकों पर कार्रवाई की मांग

नागपुर /दि.15– नागपुर ग्रामीण क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी ने दो मोटर वाहन निरीक्षकों पर नियमों का उल्लंघन कर लंबे समय से एक ही लाभदायक ड्यूटी पर तैनात रहने, चेकपोस्ट पर अनुपस्थित रहने और ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल निलंबन की मांग की. हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
शिवसेना नेता नितिन तिवारी के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टरों और कार्यकर्ताओं ने नागपुर ग्रामीण ठढज कार्यालय के बाहर ठढज पोलखोल आंदोलन किया. प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मोटर वाहन निरीक्षक कलबीर कलसी और हेमंत सोलंकर के निलंबन की मांग की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आंदोलन की पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विजय चौहान कार्यालय में मौजूद नहीं थे. इसके विरोध में शिवसैनिकों ने उनके कार्यालय के बाहर धरना दिया. बाद में पुलिस की मध्यस्थता के बाद विजय चौहान कार्यालय पहुंचे और प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की. नितिन तिवारी ने आरोप लगाया कि दोनों मोटर वाहन निरीक्षकों को लगभग एक वर्ष से लगातार चेकपोस्ट और उड़नदस्ता जैसी कथित लाभदायक ड्यूटी पर तैनात रखा गया है, जो विभागीय नियमों के विपरीत है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि नागपुर उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार समृद्धि महामार्ग पर ड्यूटी के दौरान जियो-टैग फोटो और उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है, लेकिन संबंधित अधिकारी नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहते. इससे ओवरलोड वाहनों की जांच प्रभावित हो रही है और सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है. शिवसेना ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी.