‘साहेब आपको बार-बार याद कर रहे हैं’
शिंदे गुट की वसंत मोरे को खुली पेशकश

पुणे/दि.3– महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों शिवसेना के भीतर जारी राजनीतिक उठापटक और कथित ऑपरेशन टाइगर की चर्चा तेज है. इसी बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता और पुणे के प्रमुख चेहरे वसंत मोरे को भी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की ओर से खुला निमंत्रण दिए जाने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को वसंत मोरे को ठाकरे गुट का पुणे महानगर प्रमुख नियुक्त किए जाने से एक दिन पहले, 29 अप्रैल की रात शिंदे गुट के एक वरिष्ठ नेता ने उन्हें फोन कर पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था. फोन पर कथित तौर पर कहा गया, शिंदेसाहेब आपकी बार-बार चर्चा कर रहे हैं. यदि आप हमारी पार्टी में आते हैं तो हमें खुशी होगी. आपको बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी और महानगरपालिका में एक सुसज्जित कार्यालय भी उपलब्ध कराया जाएगा.
* मोरे ने पूछा- मेरी क्या जरूरत?
इस प्रस्ताव पर वसंत मोरे ने कथित रूप से जवाब दिया कि पार्टी में पहले से ही कई बड़े नेता मौजूद हैं, ऐसे में उनकी क्या आवश्यकता है. इस पर शिंदे गुट के नेता ने कहा कि मोरे की जनता के बीच मजबूत पकड़ और सोशल मीडिया पर प्रभावशाली उपस्थिति पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
* ठाकरे गुट को दी थी तत्काल जानकारी
बताया जाता है कि वसंत मोरे ने यह प्रस्ताव छिपाने के बजाय उसी रात तत्कालीन संपर्क प्रमुख सचिन अहिर और पार्टी सांसद संजय राऊत को इसकी जानकारी दे दी थी. इसके बाद ठाकरे गुट ने सक्रियता दिखाते हुए अगले ही दिन उन्हें पुणे महानगर प्रमुख की जिम्मेदारी सौंप दी. उस समय मोरे ने ठाकरे गुट के साथ निष्ठा बनाए रखते हुए शिंदे गुट का प्रस्ताव ठुकरा दिया था.
* बदले राजनीतिक हालात से बढ़ी चर्चा
राजनीतिक समीकरण अब बदल चुके हैं. जिन सचिन अहिर को मोरे ने इस प्रस्ताव की जानकारी दी थी, वे स्वयं अब शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं. वहीं, एकनाथ शिंदे भी संकेत दे चुके हैं कि पार्टी विस्तार का अभियान आगे भी जारी रहेगा. ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या वसंत मोरे ठाकरे गुट के साथ बने रहेंगे या भविष्य में नई राजनीतिक राह चुनेंगे. फिलहाल उनकी अगली राजनीतिक भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.





