बीच सडक पेट्रोल डालकर लगाई आग

जन्मदिन मनाने वाला फहद खलील गिरफ्तार

मुंबई/दि.28- मुंबई के गोरेगांव इलाके में सड़क पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए जन्मदिन का रील बनाकर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया. इस मामले में कार डीलर फहद खलील समशुद्दीन शेख (33, निवासी सोमानी ग्रामपंचायत, राम मंदिर) को गिरफ्तार किया गया है, ऐसा पुलिस ने सोमवार को बताया.
गोरेगांव पुलिस स्टेशन के सिपाही वैभव इनकर की शिकायत के अनुसार, 25 अप्रैल की रात पुलिस आयुक्त के ट्विटर हैंडल पर दो ट्विटर खातों के जरिए एक वीडियो पोस्ट किया गया था. इस वीडियो में सोमानी ग्राम, राम मंदिर रोड, गोरेगांव पश्चिम में फहद शेख द्वारा सड़क पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए अपने जन्मदिन का रील बनाते हुए देखा गया. इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस सिपाही वैभव इनकर, निरीक्षक अब्दुल रऊफ शेख, क्राइम डिटेक्शन टीम तथा अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.
* सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया
जांच में शेख द्वारा यह कृत्य किए जाने की पुष्टि हुई. सार्वजनिक सड़क पर ज्वलनशील पेट्रोल डालकर उसमें आग लगाने से मानव जीवन को खतरा हो सकता है तथा दूसरों की सुरक्षा को भी नुकसान पहुंच सकता है, ऐसा पुलिस का आरोप है. इस कृत्य के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया.

Back to top button