शरद पवार की राष्ट्रवादी को बड़ा झटका
लातूर के पूर्व मंत्री विनायकराव पाटील का शिंदे सेना में प्रवेश

लातूर /दि.28- शिंदे सेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे ने सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस शरद पवार गुट को बड़ा झटका दिया है. शरद पवार गुट के नेता और पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक विनायकराव जाधव पाटील ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शिवसेना में प्रवेश किया. विनायकराव जाधव पाटील के नेतृत्व में बुलढाणा, नांदेड़, अकोला, लातूर सहित विभिन्न जिलों के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शिवसेना में प्रवेश किया है.
इस मौके पर एकनाथ शिंदे ने कहा, मैं मुख्यमंत्री रहते हुए भी कार्यकर्ता के रूप में काम करता था और आज भी कार्यकर्ता के रूप में ही काम करता हूं. शिवसेना कार्यकर्ताओं की पार्टी है, यहां कोई बड़ा नहीं, कोई छोटा नहीं; हम सभी सहकारी हैं. उन्होंने कहा, मुझसे मिलने के लिए किसी को अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं होती. मैं कार्यकर्ताओं से लेकर आम नागरिकों तक सभी से मिलता हूं, और इस तरह आम लोगों से सीधे संपर्क पर जोर दिया, जिससे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का विश्वास बढ़ता दिख रहा है. शिंदे सेना बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे के विचारों पर आगे बढ़ रही है, यह भी उन्होंने बताया.
विनायकराव जाधव पाटील के साथ उद्धव सेना के संतोष सोमवंशी, नवनाथ भोसले, संग्राम पाटील हायगले सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज शिंदे सेना में प्रवेश किया. इस अवसर पर किसान नेता शंकरराव धोंडगे, पूर्व सांसद सुरेश जाधव भी उपस्थित थे. इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी का पार्टी में स्वागत कर उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. इस प्रवेश के बाद जल्द ही 25 हजार कार्यकर्ताओं के भव्य प्रवेश के संकेत दिए गए हैं और रोज हो रहे इन प्रवेशों के कारण शिंदे सेना का विस्तार और संगठनात्मक ताकत तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है.
सरकार के कामकाज की समीक्षा करते हुए एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीन योजना, किसानों के लिए कर्जमाफी व विभिन्न योजनाएं, एसटी में 50% छूट, लड़कियों की मुफ्त उच्च शिक्षा और फसल बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा, सामान्य लोगों के जीवन में अच्छे दिन लाना ही हमारा उद्देश्य है. लाडकी बहन योजना का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, कुछ लोग कोर्ट में गए, लेकिन महिलाओं ने उन्हें अच्छा सबक सिखाया. किसी भी परिस्थिति में यह योजना बंद नहीं होगी.
राज्य की विभिन्न चुनावों में शिंदे सेना की ताकत बढ़ रही है और पार्टी नंबर 2 पर पहुंच गई है, ऐसा एकनाथ शिंदे ने कहा. इस सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत होने की बात उन्होंने कही. गांव वहां शिवसेना, घर वहां शिवसैनिक इस लक्ष्य के साथ संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया गया है और मतदाता सूची, बूथ स्तर के काम और संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं.





