शर्मनाक घटना! गोवा से मुंबई जा रही निजी बस में महिला से दो बार छेड़छाड़

शिकायत के बाद बस सीधे थाने पहुंची

रायगढ़/दि.3 – गोवा से मुंबई जा रही एक निजी बस में महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि यात्रा के दौरान बस के क्लीनर ने उसके साथ दो बार गलत व्यवहार किया. महिला की शिकायत के अनुसार, पहली घटना संगमेश्वर के पास हुई, जहां उसे नींद से उठाने के बहाने परेशान किया गया. इसके बाद पोलादपुर के पास दोबारा उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है.
घटना के बाद पीड़ित महिला ने रात में तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद बस को रायगढ़ जिले के कोलाड पुलिस थाने ले जाया गया. कोलाड पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच के लिए इसे संगमेश्वर पुलिस थाने को सौंप दिया है. बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्र की रहने वाली है. इस मामले को लेकर विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने भी प्रतिक्रिया दी और सरकार से महिला के साथ खड़े होने की मांग की.
* अंबादास दानवे ने जताया गुस्सा
अंबादास दानवे ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने सरकार से अपील की कि ‘लाडकी बहिण’ जैसी योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

Back to top button