रात दो बजे तक लोगों से मिलते हैं शिंदे, अब आदत बदलनी चाहिए
विधायक बच्चू कडू ने डेप्युटी सीएम शिंदे की अस्वस्थता पर दी प्रतिक्रिया

* शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की, कर्जमाफी में त्रुटियां दूर करने की भी दी सलाह
अमरावती/मुंबई/दि.4- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे गुट) प्रमुख एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस बीच विधायक बच्चू कडू ने उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि शिंदे अत्यधिक मेहनत करते हैं और देर रात तक कार्यकर्ताओं व आम लोगों से मिलते रहते हैं, लेकिन अब उन्हें अपनी सेहत का भी ध्यान रखना चाहिए.
विधायक बच्चू कडू ने कहा कि शिवसेना में आने के बाद से उन्होंने देखा है कि एकनाथ शिंदे के पास हमेशा लोगों की भीड़ रहती है. वे आधी रात तक कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनते हैं और हर किसी के लिए सहज उपलब्ध रहते हैं. यही कारण है कि लगातार काम के दबाव और भागदौड़ का असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ा है. कडू ने कहा कि शिंदे को अपनी दिनचर्या में बदलाव कर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर फिर से जनता की सेवा में जुट सकें.
* उद्धव ठाकरे पर भी की टिप्पणी
विधायक बच्चू कडू ने उध्दव ठाकरे के रामरक्षा पाठ कार्यक्रम का स्वागत करते हुए कहा कि यह सकारात्मक कदम है. उन्होंने कहा कि शिवसेना की मूल विचारधारा के अनुरूप उद्धव ठाकरे आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें इसी तरह सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाते रहना चाहिए.
* कर्जमाफी में जल्दबाजी न करे सरकार
राज्य सरकार की कर्जमाफी योजना पर बोलते हुए बच्चू कडू ने कहा कि यदि आवश्यक हो तो योजना की अंतिम तिथि दो-तीन दिन और बढ़ाई जा सकती है, लेकिन किसानों के हितों से जुड़े मामलों में कोई त्रुटि नहीं रहनी चाहिए. उन्होंने सरकार से अपील की कि सभी तकनीकी और प्रशासनिक खामियां दूर करने के बाद ही योजना को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि किसी पात्र किसान को नुकसान न हो.





