नींद में सो रहे युवक की पत्थर और रॉड से वार कर हत्या
वाशिम जिले के रिसोड शहर की घटना

* पुलिस ने एक संदिग्ध को लिया हिरासत में
वाशिम /दि.17– वाशिम जिले के रिसोड शहर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई. घर के बाहर नाली के स्लैब पर सो रहे 38 वर्षीय युवक पर अज्ञात हमलावरों ने पत्थर अथवा लोहे के रॉड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई है. पुलिस ने एक संदिग्ध को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरु की है. मृतक का नाम भगवान सुभाष गायकवाड है.
जानकारी के मुताबिक मृतक भगवान गायकवाड रविवार देर रात अपने घर के सामने नाली के स्लैब पर सो रहा था. रात करीब 1 बजे के दौरान किसी अज्ञात ने उसके सिर पर पत्थर अथवा लोहे के रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में गंभीर चोटें आने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही रिसोड पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस ने एक संदिग्ध को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरु की है. पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए उपविभागीय पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे. फॉरेंसिंक दल व श्वान पथक भी घटनास्थल पर बुलाया गया. यह हत्या पुरानी रंजिश को लेकर होने की चर्चा है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





