जुनी वस्ती बडनेरा में 4 करोड़ रुपये की लागत से बना अत्याधुनिक फुट ओवर ब्रिज

चमननगर से रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले पैदल यात्रियों को मिली बड़ी राहत

* विधायक रवि राणा के प्रयास रहे सफल, रिहायशी क्षेत्रों को प्रभावित किए बिना फुट ओवर ब्रिज हुआ साकार
अमरावती/दि.9- अमरावती व बडनेरा शहर के विकास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है. विधायक रवि राणा के प्रयासों से बडनेरा की जुनीवस्ती चमन नगर क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण पूरा हो गया है. विशेष बात यह रही कि पुल निर्माण के दौरान किसी भी स्थानीय निवासी की जमीन या मकान को नुकसान पहुंचाए बिना परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा किया गया. बडनेरा क्षेत्र में बढ़ते यातायात और सड़क पार करते समय होने वाले हादसों को देखते हुए लंबे समय से सुरक्षित पैदल मार्ग की मांग की जा रही थी. विधायक रवि राणा के लगातार प्रयासों के बाद इस परियोजना के लिए निधि मंजूर हुई और आधुनिक तकनीक से पुल का निर्माण किया गया.
बता दे कि, इस फुट ओवर ब्रिज से विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा प्रतिदिन पैदल आवागमन करने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी. अब नागरिकों को व्यस्त सड़क पर जान जोखिम में डालकर सड़क पार नहीं करनी पड़ेगी, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है. इस फुट ओवर ब्रिज के शुभारंभ अवसर पर विधायक रवि राणा ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान नागरिकों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से किसी भी रहवासी की जगह को प्रभावित किए बिना पुल का निर्माण किया गया है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी.
स्थानीय नागरिकों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से इस क्षेत्र में सड़क पार करना जोखिमभरा था, विशेषकर विद्यार्थियों और बुजुर्गों के लिए. आधुनिक फुट ओवर ब्रिज बनने से यह समस्या दूर हो गई है और सुरक्षित आवागमन का नया विकल्प उपलब्ध हुआ है. नागरिकों का मानना है कि यह परियोजना न केवल यातायात सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि बडनेरा के सौंदर्यीकरण और नियोजित शहरी विकास को भी नई दिशा देगी.

Back to top button