बडनेरा में फुटओवर ब्रिज का स्टील स्ट्रक्चर देर रात सफलतापूर्वक लॉन्च
बड़ी क्रेन की मदद से पूरा हुआ कार्य

अमरावती/दि.6– बडनेरा शहर में बहुप्रतीक्षित फुटओवर ब्रिज के स्टील स्ट्रक्चर की लॉन्चिंग शनिवार देर रात सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई. यह कार्य रात करीब 11.30 बजे शुरू हुआ और रविवार तड़के तक लगातार चलता रहा. विशाल क्रेन की सहायता से स्टील स्ट्रक्चर को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया.
कार्य के दौरान अलमास गेट से सावता मैदान तक का मार्ग रात 11.30 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात के लिए बंद रखा गया था. सुचारु रूप से कार्य संपन्न कराने के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया था और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया गया. फुटओवर ब्रिज का निर्माण विधायक रवि कुमार राणा के प्रयासों एवं उनके निधि से किया जा रहा है. ब्रिज का स्टील स्ट्रक्चर स्थापित होने के बाद स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताई. विशेष रूप से चमन नगर और जुनी बस्ती क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. स्टील स्ट्रक्चर की लॉन्चिंग के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्य को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही. पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए थे, जिससे पूरा कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फुटओवर ब्रिज बनने के बाद पैदल यात्रियों को रेलवे लाइन और व्यस्त मार्ग सुरक्षित तरीके से पार करने की सुविधा मिलेगी. साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, यातायात अधिक सुगम होगा और बडनेरा के विकास को नई गति मिलेगी.
* 40 टन का है यह फुटओवर ब्रिज
बडनेरा शहर के जुनी बस्ती में खडे किये गये फुटओवर ब्रिज में 40 टन लोहे का इस्तेमाल किया गया है. यह भारी भरकम फुटओवर ब्रिज को को विशाल क्रेन से लगाया गया. यह नजारा देखने के लिए सैकडों की संख्या में भीड जमा थी. शनिवार रात 11.30 बजे से यह कार्य चला, जो रविवार को तडके पूर्ण किया गया.





