महिला होमगार्ड के लिए ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट’ कार्यशाला आयोजित
अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में आयोजन

* डॉ. वनिता राऊत और डॉ. कीर्ति पिंजरकर ने किया मार्गदर्शन
अमरावती/दि.24– जिला समादेशक तथा अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में महिला होमगार्ड के लिए ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट’ विषय पर विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में महिला होमगार्ड को ड्यूटी के दौरान उत्पन्न होने वाले तनाव, मानसिक दबाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया.
प्रसिद्ध काउंसलर डॉ. वनिता राऊत ने ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट’ विषय पर मार्गदर्शन करते हुए तनाव के प्रमुख कारणों तथा उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी. उन्होंने तनाव पर नियंत्रण पाने के विभिन्न उपाय बताए और कुछ गतिविधियों के माध्यम से स्वयं तनाव को प्रबंधित करने के तरीके भी समझाए. इस अवसर पर डॉ. कीर्ति पिंजरकर ने कहा कि ड्यूटी के दौरान महिला होमगार्ड को कई बार प्रतिकूल और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. ऐसी परिस्थितियों में शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम रहना, सकारात्मक सोच बनाए रखना और संयम के साथ परिस्थितियों का सामना करना आवश्यक है. कार्यशाला में जिले की करीब 100 महिला होमगार्ड ने भाग लिया. महिला होमगार्ड ने विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उत्सुकता से सुना और विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में केंद्र नायक राम पिंजरकर का नियोजन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा. कार्यशाला की व्यवस्था, महिला होमगार्ड की उपस्थिति और संपूर्ण प्रबंधन के लिए उनकी सराहना की गई. उपस्थितों ने कहा कि महिला होमगार्ड के मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए इस तरह के मार्गदर्शनपरक कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं. दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला से महिला होमगार्ड को तनाव प्रबंधन के साथ ही ड्यूटी के दौरान मानसिक संतुलन बनाए रखने का महत्वपूर्ण संदेश मिला.





