गीतों की गूंज ने संपूर्ण नमूना को शिवमय बना दिया

केरल के कलाकारों के साथ महाकाल भगवान मेरे महाकाल भगवान

* अंबारे परिवार के आयोजन का छठवां वर्ष
* सैकडों ने लिया शोभायात्रा और भक्तिमय आयोजन का लाभ
अमरावती/दि.24- नमूना स्थित शिव बजरंग मंदिर से हर साल भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष भी अंबारे परिवार की पहल से आयोजित भजन संध्या और शोभायात्रा ने सभी उपस्थित सैकडों भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया. केरल के कलाकारों के साथ ‘महाकाल भगवान मेरे महाकाल भगवान…’ के गीतों की गूंज ने संपूर्ण परिसर शिवमय बना दिया था. बच्चों से लेकर बडे-बूढो तक सभी महाकाल की इस धुन के साथ शोभायात्रा में बजनेवाले डमरूओं की धुन सुनकर मानों भक्ति में खो गये थे. स्थानीय नमूना गली नं. 2 में स्थित शिव बजरंग मंदिर में बालाजी भगवान का तीन दिवसीय पावन उत्सव आयोजित किया गया. इस उत्सव की शुरूआत शुक्रवार से की गई. जिसमें दिव्यांग भजन गायकों के भक्तिमय भजनों का सभी ने भरपूर आनंद लिया.
रविवार को इस उत्सव के दूसरे दिन श्याम संध्या का आयोजन किया गया. जिसमें जस गायक सुमित बावरा, जय जोशी, मीत, बेबी स्वरा ने सुमधुर वाणी में सभी को मंत्रमुग्ध किया था. उत्सव के तीसरे व अंतिम दिन अंबारे परिवार की ओर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया. खाटू नरेश का जयकारा लगाते हुए भारत अंबारे दंपत्ति के हाथों सर्वप्रथम शिव बजरंग मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना की गई. पश्चात राम दरबार को पालकी में स्थापित कर उनकी पूजा व आरती पश्चात शाम 7 बजे भव्य शोभायात्रा आरंभ हुई. इस शोभायात्रा की शुरूआत में सर्वप्रथम डीजे की धुन सुनाई दे रही थी. उनके पीछे-सृष्टि के संहारक भोलेनाथ की समाधि मुद्रावाली प्रतिमा को देख सभी का मन मानों शांत हो रहा था. उसके पश्चात महारूद्र डमरू वादक आकर्षक के रूप से डमरू बजाकर सभी को अपनी और आकर्षित कर रहे थे. इसके साथ ही उनके पीछे तिरूपति बालाजी भगवान की प्रतिमा, चार घोडे पर सवार बालक, भजनी मंडल जो ताल मृदंग की धून पर नाचते हुए सभी को अपने भजनों पर थिरकने के लिए मजबूर कर रहे थे. जो प्रभु श्री राम का दर्शन कराने का प्रयास कर रहे थे.
इन कलाकारों ने मंगल भवन अमंगल हारी …जैसे गीतों पर गांधी चौक में नृत्य की प्रस्तुति दी. इन कलाकारों का अंबारी परिवार ने शोभायात्रा में पहली बार समावेश किया था. जिसके चलते इन कलाकारों की प्रस्तुति को लेकर युवाओं तथा मार्गक्रमण करनेवाले लोगों में खास उत्साह देखने मिला. हर कोई उन्हें अपने मोबाइल व कैमरे में कैद करने की कोशिश करता दिखाई दिया. जिसके चलते सर्वत्र अचानक भीड बढने लगी थी. इस बीच खाटू नरेश श्याम बाबा की झांकी ने तो सभी को उनके सामने नतमस्तक होने के लिए मजबूर कर दिया था. अंबारे परिवार की ओर से जय फोटो स्टुडियों के सामने सभी भक्तों को हलुवा का प्रसाद वितरित किया गया. जिसका सैकडों राहगीरों ने लाभ लिया. यह शोभायात्रा शिव बजरंग मंदिर नमुना गली नं. 2 से आरंभ होकर गांधी चौक से राजकमल चौक होते हुए नमुना गली से मंदिर परिसर में समाप्त हुई. यहां हर साल की तरह इस वर्ष भी भक्तों के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया था. जिसका सभी ने लाभ लिया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने भारत उर्फ अंबारे, मेघा अंबारे, विजय अंबारे व परिवार व भक्तों ने अथक परिश्रम किए. सागर गुप्ता, संजय गुप्ता, जुगल लढ्ढा सहित बडी संख्या में भाविकों की उपस्थिति रही. महिला वर्ग ने भगवान बालाजी और महादेव के भक्ति रस में सराबोर होकर आनंद व्यक्त किया.

Back to top button