अवैध देशी शराब की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार
मोर्शी पुलिस की कार्रवाई

मोर्शी /दि.16- अमरावती ग्रामीण जिले के मोर्शी पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब की बड़ी खेप और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है.
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल से अवैध देशी शराब की ढुलाई कर रहे हैं. सूचना के आधार पर मोर्शी पुलिस ने शहर के रेलवे गेट परिसर में नाकाबंदी कर सापला बिछाया. इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई. जांच में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान विजय लक्ष्मण जाधव (35), निवासी मोर्शी और सुनील ज्ञानेश्वर उदापुरे (30), निवासी पेडगांव, तहसील मोर्शी के रूप में हुई.
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से देशी शराब की 296 बोतलें, जिसकी अनुमानित कीमत 15,680 रुपये है, बरामद किए गए. इसके अलावा शराब की ढुलाई में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/एएम-9141, जिसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त कर ली गई. पुलिस ने कुल 50,680 रुपये मूल्य का माल जब्त किया है. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई मोर्शी पुलिस थाना के प्रभारी राहुल आठवले के मार्गदर्शन में पीएसआई पवार, पुलिस हवलदार योगेश सांभारे तथा पुलिस कर्मी पप्पू शुंगणजुले ने की.





