लू से दो लोगों की मौत
मेलघाट के धारणी और चिखलदरा तहसील की घटना

अमरावती/दि.30- अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जिले का तापमान 46 डिग्री सेल्सिअस पार होने से बढती गर्मी का असर बेघर नागरिकों पर हो रहा है. जिले के धारणी और चिखलदरा तहसील में दो बेघर नागरिकों की लू से मृत्यु हो गई.
धारणी तहसील के वनखंड क्रमांक 1182, धामण नाला के डाबका जंगल परिसर में एक 35 से 40 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ. शव सडीगली अवस्था में रहने से बदबू फैलने के कारण जंगल से जाने वाले लोगों को यह बात पता चली. संबंधित महिला आसपास के गांव में भीख मांगती हुई घुम रही थी. एक सप्ताह पूर्व उसे घुमते हुए पास के एक गांव के नागरिकों ने देखा था. अज्ञात महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया गया. जांच के बाद महिला की मृत्यु बढते तापमान के कारण होने की संभावना उपजिला अस्पताल के डॉक्टरों ने व्यक्त की है, ऐसा धारणी के थानेदार अवतारसिंग चव्हाण ने कहा. इसी तरह चिखलदरा तहसील के कामापुर परिसर के जंगल में नणगीटा नाले में एक 40 से 45 वर्ष की आयु के एक व्यक्ति का शव बरामद होने से खलबली मच गई. चिखलदरा पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है. कामापुर परिसर के जंगल में बरामद इस मृतक व्यक्ति की भी शिनाख्त नहीं हो पायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
* उष्माघात के मरीजों के लिए स्वतंत्र कक्ष
जिला अस्पताल समेत प्रत्येक उपजिला अस्पताल में उष्माघात के मरीजों के लिए स्वतंत्र कक्ष है. शहर में उपचार का नियोजन आसानी से हो सकता है, लेकिन बहुल क्षेत्र में तत्काल ऐसी घटना प्रकाश में नहीं आती.
– विनोद पवार,
जिला शल्यचिकित्सक, अमरावती.





