बेमौसम बारिश से किसानों का नुकसान

कृषि उपज मंडी में भीगा गेहूं, चना

अमरावती/दि.26- अमरावती में मंगलवार दोपहर हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी. अचानक हुई तेज बारिश के कारण अमरावती कृषि उपज मंडी में बिक्री के लिए लाई गई कृषि उपज भीग गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, किसान सचिन मधुकर गाढवे ने व्यापारी प्रशांत कडू को लगभग 30 क्विंटल चना बिक्री के लिए दिया था. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से मंडी परिसर में रखा पूरा चना भीग गया. बारिश के कारण भीगे माल की गुणवत्ता प्रभावित होने से किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है. किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश लगातार खेती और कृषि उपज को नुकसान पहुंचा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो रही है. बारिश के कारण मंडी में रखा गेहूं भी भीग गया. किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके.

Back to top button