मुर्हा देवी में यात्रा की जोरदार तैयारी, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अंजनगांव सुर्जी /दि.8 – हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुर्हा देवी में यात्रा का आयोजन ग्राम पंचायत तथा मुर्हा देवी एवं झिंगाजी महाराज मंदिर संस्थान के संचालक मंडल की ओर से 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक किया गया है. यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों के लिए विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. वहीं, यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वागत कक्ष सहित विभिन्न सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत तथा मंदिर संस्थान के पदाधिकारियों ने आवश्यक नियोजन किया है. इस बीच, यात्रा में अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए रहिमापुर पुलिस स्टेशन के थानेदार एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का नियोजन किया गया है. यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं. यात्रा परिसर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है. भीड़ एवं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी. यह जानकारी मुरहा देवी के ग्राम विकास अधिकारी ने दी. ग्राम पंचायत, मंदिर संस्थान के पदाधिकारियों तथा पुलिस प्रशासन के समन्वय से यात्रा का नियोजन किया गया है. श्रद्धालुओं से प्रशासन को सहयोग करने की अपील मुर्हा बु. (देवी) के ग्राम विकास अधिकारी अनंत बहादुरे ने की है.





