इतवारा बाजार में शटर के पीछे चल रहा था चकरी जुए का अड्डा

क्राइम ब्रांच का छापा, दो आरोपी गिरफ्तार

अमरावती/दि.8 – शहर में अवैध धंधों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए अपराध शाखा, यूनिट क्रमांक 1 की टीम ने इतवारा बाजार परिसर में चल रहे चकरी जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया. पुलिस ने शटर दुकान पर छापा मारकर जुआ संचालित करने वाले एक व्यक्ति सहित जुआ खेलने वाले दूसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया. कार्रवाई में 28,450 रुपए की नकदी व जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई.
अपराध शाखा की टीम 7 अक्टूबर को अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में अवैध कारोबारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इतवारा बाजार स्थित एक शटर दुकान में चकरी जुआ चलाया जा रहा है. सूचना की पुष्टि करने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान पुंडलिक बाबा नगर निवासी शुभम चंद्रकांत अग्रवाल (30), लोगों से पैसे लेकर हार-जीत के आधार पर चकरी जुआ खिलाता मिला. वहीं विलास नगर निवासी वीरेंद्र सुखदेवराव पिंजरकर (28) नामक युवक पैसे लगाकर जुआ खेलते हुए पाया गया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
* एलईडी स्क्रीन, राउटर समेत नकदी जब्त
पुलिस ने मौके से क्राउन कंपनी की एलईडी स्क्रीन कीमत करीब 20 हजार रुपए, की-बोर्ड व माउस करीब 1 हजार रुपए, एयरटेल कंपनी का राउटर करीब 5 हजार रुपए तथा 2,450 रुपए नकद जुआ राशि जब्त की. जब्त सामग्री की कुल कीमत 28,450 रुपए बताई गई है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों तथा जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए नागपुरी गेट पुलिस के हवाले किया गया है.

Back to top button