‘मेरे शहर की समस्या क्या है?’ और ‘मेरा शहर कैसा होना चाहिए?’

नागरिक सीधे रख सकेंगे अपनी बात

* 21 अगस्त को कांग्रेस भवन में ‘शहर परिवर्तन समूह’ के कार्यक्रम का आयोजन
* युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील
अमरावती/दि.19 – शहर के आम नागरिकों को प्रभावित करने वाली नागरिक समस्याओं, प्रशासन से जुड़ी परेशानियों, मूलभूत सुविधाओं की कमी तथा शहर के विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएं और सुझाव सीधे सामने रखने के लिए आगामी 21 अगस्त को अमरावती शहर के शिवटेकडी के कांग्रेस भवन में ‘राईट टू सिटी-हक्काचं शहर’ अभियान के तहत ‘अर्बन ट्रान्सफॉर्मेशन ग्रुप-शहर परिवर्तन समूह’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.
देश के विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन तथा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के निर्देश पर इस शहर परिवर्तन समूह का गठन किया गया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता सचिन सावंत को समूह का अध्यक्ष तथा कांग्रेस नेता संग्राम खोपड़े को समन्वयक नियुक्त किया गया है. पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर 20 अगस्त को राज्य के सभी महानगरपालिका क्षेत्रों में शहर जिला कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से ‘शहर परिवर्तन समूह’ के कार्यक्रम की रूपरेखा घोषित की जाएगी. इसी क्रम में अमरावती शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार, 21 अगस्त को सुबह 10.30 बजे कांग्रेस भवन, नई इमारत, शिवटेकड़ी के पास, अमरावती में ‘राईट टू सिटी-हक्काचं शहर’ अभियान के तहत ‘अर्बन ट्रान्सफॉर्मेशन ग्रुप-शहर परिवर्तन समूह’कार्यक्रम आयोजित किया गया है.
* एक मिनट में अपनी समस्या रखने का अवसर
कार्यक्रम में नागरिकों और युवाओं को अपनी बात रखने के लिए खुला मंच उपलब्ध कराया जाएगा. शहर के विभिन्न वर्गों के लोग अपनी समस्याएं, परेशानियां, अपेक्षाएं और शहर के विकास के लिए जरूरी उपाय सीधे सामने रख सकेंगे. कार्यक्रम में विशेष रूप से जेन-झेड, नागरिक समाज के प्रतिनिधि, विभिन्न श्रमिक संगठनों के नेता, गिग वर्कर्स, घरेलू कामगार, ऑटो रिक्शा चालक, अन्य श्रमिक वर्ग, समाचारपत्र संपादक, पत्रकार, लेखक, कलाकार, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी, सीए, वकील, डॉक्टर, शिक्षक, आर्किटेक्ट, नगर नियोजक, हाउसिंग सोसायटियों के अध्यक्ष व सचिव, व्यवसायी, उद्योगपति, कॉलेज प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ता तथा शहर के अन्य नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है. इस अवसर पर अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, ब्लॉक कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक विभाग, सोशल मीडिया विभाग सहित विभिन्न सेल एवं फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे.
* सड़क से लेकर रोजगार तक मुद्दों पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में प्रत्येक नागरिक को लगभग एक मिनट में अपने क्षेत्र की समस्या और प्रशासन से जुड़ी परेशानी सीधे रखने का अवसर दिया जाएगा. सड़क, पानी की आपूर्ति, ड्रेनेज, स्वच्छता, यातायात, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सार्वजनिक सुविधाएं, पर्यावरण, शहरी नियोजन और मनपा
* प्रशासन सहित विभिन्न विषयों पर नागरिक अपनी राय रख सकेंगे.
‘मेरे शहर की समस्या क्या है?’ और ‘मेरा शहर कैसा होना चाहिए?’ इन दो प्रमुख सवालों के माध्यम से नागरिकों की आवाज को एकजुट कर शहर के विकास के लिए ठोस दिशा तय करने का प्रयास इस अभियान के माध्यम से किया जाएगा.
* ‘हक्काचं शहर’ के लिए नागरिकों से भागीदारी की अपील
आयोजकों के अनुसार, ‘राईट टू सिटी-हक्काचं शहर’ केवल कांग्रेस पार्टी की बैठक नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक को अपने शहर की समस्याओं पर बोलने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का अवसर देने वाला जनभागीदारी अभियान है. अमरावती के वरिष्ठ नागरिकों, युवक-युवतियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, कामगारों, व्यापारियों, व्यवसायियों, उद्यमियों, शिक्षकों, डॉक्टरों, वकीलों, इंजीनियरों, आर्किटेक्ट्स, नगर नियोजकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, कलाकारों, हाउसिंग सोसायटी पदाधिकारियों तथा आम नागरिकों से बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के इस अभियान में शामिल होने की अपील की गई है. आयोजकों ने कहा कि अमरावती शहर के विकास का निर्णय केवल सरकारी कार्यालयों में नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों की आवाज के आधार पर होना चाहिए. नागरिक अपनी समस्या और सुझाव सामने रखें तथा अपने ‘हक के शहर’ के निर्माण में सहभागी बनें.

Back to top button