यवतमाल पुलिस ने 1.75 करोड रुपए तक गांजा किया नष्ट
29 एनडीपीएस प्रकरणों में 885 किलो गांजा किया जब्त

* नागपुर के बुटीबोरी प्लांट में की पूर्ण प्रक्रिया
यवतमाल /दि.3- नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए यवतमाल पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत विभिन्न मामलों में जब्त की गई 885.159 किलोग्राम गांजा (मारिजुआना) की खेप को नष्ट कर दिया. वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कीमत 1 करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र राज्य एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के विशेष पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया गया. सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यवतमाल जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज 29 मामलों में जब्त कुल 885.159 किलोग्राम गांजा को 2 जुलाई को नागपुर के बूटीबोरी स्थित मेसर्स महाराष्ट्र एनवायरो पावर लिमिटेड में ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कर दिया गया.
पुलिस ने बताया कि हर वर्ष 26 जून को मनाए जाने वाले विश्व मादक पदार्थ निषेध दिवस का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना है. नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी गंभीर असर डालते हैं. यह कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं यवतमाल के पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात, संबंधित अधिकारियों तथा स्थानीय अपराध शाखा की टीम की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न की गई.




