3.40 करोड़ की ठगी, तीन और आरोपी गिरफ्तार
कुंभमेले की फर्जी वर्क ऑर्डर से

नाशिक/दि.15 –नाशिक रोड सिंहस्थ कुंभमेले के कामों का ठेका दिलाने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज और वर्क ऑर्डर तैयार कर करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में नाशिक पुलिस ने तीन और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुंभमेले के टेंडर दिलाने का झांसा देकर फर्जी लेटरहेड तैयार किए और कुंभमेले के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण गेडाम की डिजिटल सिग्नेचर का कथित तौर पर इस्तेमाल कर फर्जी वर्क ऑर्डर जारी किए. इस मामले में नाशिक रोड पुलिस थाने में चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं.
इस प्रकरण में जामनेर निवासी तनय महाजन, नरेंद्र महाजन और शोएब अहमद शेख को पहले गिरफ्तार किया गया था. इनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब्दुल रईस अब्दुल मुनाफ शेख को जामनेर के पास परतखेड़े में खेत में छिपे होने के दौरान गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, उसने मोबाइल बंद कर रखा था. अदालत ने उसे भी सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. इसके अलावा जामनेर निवासी शकील अहमद सलीमुद्दीन शेख (43) और मोहम्मद वसीम अब्दुल गफार (42) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों से मामले में पैसों के लेन-देन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
* नगरसेवक से भी पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को जामनेर के एक झेरॉक्स संचालक तथा ठेकेदार एवं नगरसेवक को पूछताछ के लिए नाशिक बुलाया. पुलिस दोनों से मामले से जुड़े दस्तावेज और संदिग्ध लेन-देन के संबंध में जानकारी जुटा रही है. कुंभ मेला आयुक्त शेखर सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह आपराधिक मामला है. कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने कुंभमेले के कामों का हवाला देकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और लोगों से पैसे ऐंठे. इसमें कुंभ मेला प्रशासन अथवा संबंधित किसी भी सरकारी एजेंसी का कोई संबंध नहीं है.





