समृद्धि हाईवे पर 350 किलो गांजा जब्त

मालेगांव और करंजा में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई

* दो ट्रक भी कब्जे में, कीमत करीब 2 करोड़ रुपए
वाशिम /दि.7– समृद्धि महामार्ग का इस्तेमाल कर गांजे की तस्करी किए जाने के मामले में वाशिम पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की. जिले के मालेगांव और करंजा क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने कुल 350 किलो गांजा जब्त किया. जब्त गांजे और दो ट्रकों की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक मालेगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि समृद्धि महामार्ग से एक ट्रक में गांजा ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने हाईवे पर संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक में करीब 150 किलो गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ ट्रक को भी कब्जे में ले लिया. इसी दौरान जिला यातायात शाखा पुलिस ने करंजा क्षेत्र में समृद्धि महामार्ग पर दूसरी कार्रवाई की. छत्तीसगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर एक आयशर ट्रक पर गांजा तस्करी का संदेह था. पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ. इसके बाद गांजा और आयशर ट्रक को जब्त कर लिया गया.
* बड़े तस्करी नेटवर्क की आशंका
दोनों कार्रवाइयों में कुल 350 किलो गांजा और दो ट्रक जब्त किए गए हैं. जानकारी के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है. इसके अलावा गांजा कहां से लाया जा रहा था, उसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है. मामले में आरोपियों की संख्या और गांजे के स्रोत तथा गंतव्य की जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी. समृद्धि महामार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ इसे पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.

Back to top button