370 गांवों में जल संकट, 12.57 करोड का प्लान तैयार

अलनीनो के कारण मानसून की बेरूखी

* नल योजनाओं की मरम्मत पर अधिक जोर
* 19 गांवों को टैंकर से जलापूर्ति
अमरावती/दि.24 – अलनीनो प्रभाव के कारण इस वर्ष अपेक्षित बारिश नहीं हो रही है. बरसात के सीजन में भी देहाती क्षेत्र में जलसंकट गहराया है. जुलाई से सितंबर दौरान जिले के 370 गांवों में संकट की स्थिति होने के कारण प्रशासन ने 384 उपाय योजना का प्रारूप तैयार किया है. इसके लिए 12 करोड 57 लाख का खर्च अपेक्षित है. प्रस्तावित प्रारूप में नल योजनाओ की खास मरम्मत, निजी कुओं के अधिग्रहण आदि काम शामिल है. 150 गांवों में नल योजनाओं की मरम्मत हेतु 1 करोड 82 लाख रूपए मंजूर किए गये है. उसी प्रकार 133 गांवों में 136 निजी कुओं का अधिग्रहण किया जाना है.
* मेलघाट में सर्वाधिक
पहाडी क्षेत्र धारणी और चिखलदरा तहसीलों के दुर्गम गांवों में जल संकट की स्थिति गंभीर बनी है. चिखलदरा तहसील में 58 और धारणी तहसील में 38 गांवों में 142 उपाय योजना की जानी है. जिस पर करीब 5 करोड का खर्च प्रस्तावित किया गया है. वरूड के 63 और तिवसा के 25 गांवों में भी 3 करोड 72 लाख के काम प्रस्तावित किए गये है. परिस्थिति गंभीर होने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
* 19 गांवों में टैंकर
जिले के 19 गांवों में बरसात के सीजन के बावजूद टैंकर से जलापूर्ति की जानी है. इसके लिए 41 गांवों में कुओं को गहरा करने और गाल निकालने के लिए 1 करोड 47 लाख रूपए खर्च किए जायेंगे. 25 नये बोअरवेल बनाए जायेंगे. पानी के स्त्रोत मजबूत करने पर 24 लाख रूपए खर्च किए जायेंगे.

Back to top button