गरीबों के नाम पर खोले 62 बैंक खाते, 83 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा
अमरावती ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 14 आरोपी गिरफ्तार

अमरावती/दि.4- अमरावती ग्रामीण पुलिस की टीम साइबर ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि गिरोह ने जिले के गरीब मजदूरों और जरूरतमंद लोगों के नाम पर 62 बैंक खाते खुलवाकर उनमें से 83 करोड़ 36 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध और बेनामी लेनदेन किए.
मामला शिरखेड पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज साइबर धोखाधड़ी से जुड़ा है. पुलिस ने इस प्रकरण में अमरावती के दो मुख्य सूत्रधारों समेत अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले जून माह में दक्षिण गोवा से 11 आरोपियों को पकड़ा गया था, जिनसे पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ.
* सरकारी योजनाओं का लालच देकर खुलवाए खाते
पुलिस जांच के अनुसार गिरोह के सदस्य मोर्शी और चांदूर बाजार तहसील के गरीब मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे. इसके बाद उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे. खाते खुलवाने के एवज में लोगों को 7 से 8 हजार रुपये दिए जाते थे. इस मामले में अमरावती निवासी राकेश झामनानी और विजय झामनानी को मुख्य भूमिका निभाने के आरोप में 1 जुलाई को गिरफ्तार किया गया है.
* गोवा से बरामद हुए बैंक दस्तावेज और सिम कार्ड
गोवा में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 64 बैंक पासबुक, 147 एटीएम कार्ड, 198 सिम कार्ड और 52 मोबाइल फोन बरामद किए थे. जांच में पता चला है कि ये नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधों से जुड़ा हुआ है.
* ऑनलाइन ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल हुए खाते
पुलिस के अनुसार गिरोह मजदूरों के बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और सिम कार्ड अपने कब्जे में रखता था. इन खातों का उपयोग देश-विदेश में होने वाली साइबर ठगी, ऑनलाइन गेमिंग और अन्य अवैध वित्तीय गतिविधियों से प्राप्त काले धन को सफेद करने के लिए किया जाता था.
* अन्य राज्यों तक पहुंची जांच
अब तक 62 बैंक खातों की गहन जांच की जा चुकी है. शुरुआती जांच में 83.36 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल सामने आई है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य राज्यों के आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.





