महादेवखोरी में 70 दशलक्ष लीटर का जलशुद्धीकरण केंद्र

अगले वर्ष अप्रैल तक होगा पूर्ण

* अमरावती को होगी रोज जलापूर्ति
* 17 नई टंकियों का भी निर्माण है शुरु
अमरावती/दि.20 – शहर की नई जलापूर्ति योजना अंतर्गत महादेवखोरी में 70 दशलक्ष लीटर पानी के शुद्धीकरण का भव्य केंद्र बनाया जा रहा है. इसके अगले वर्ष अप्रैल तक बनकर तैयार होने की डेडलाइन रखी गई है. यह केंद्र बन जाने पर शहर में तीन शुद्धीकरण सेंटर हो जाएंगे. इसके अतिरिक्त 17 नई विशाल पानी की टंकियों का भी निर्माण शुरु है. उल्लेखनीय है कि, 985 करोड की नई आपूर्ति योजना में अगले 30 वर्षों की शहर की आबादी का विचार किया गया है. तब तक अमरावती की जनसंख्या साढे 14 लाख होने की संभावना है.
उल्लेखनीय है कि, नई जलापूर्ति योजना में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 70 प्रतिशत अर्थात करीब 700 करोड का योगदान दे रही है. महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण का 30 प्रतिशत हिस्सा है. सिंभोरा स्थित नल-दमयंती डैम से अमरावती तक नई पाइप लाइन बिछाने का काम 40 प्रतिशत पूर्ण हो जाने की जानकारी भी दी गई. 1450 मिमी व्यास की 22 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जा रही है. जिससे शहर में निर्बाध जलापूर्ति होगी. नई योजना साकार करने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके, विधायक रवि राणा और अन्य जनप्रतिनिधियों का योगदान है. समय-समय पर लिए गए फालोअप के कारण योजना मंजूर और क्रियान्वित हो रही है.
* 2054 की जनसंख्या
मजीप्रा सूत्रों ने बताया कि, 30 वर्षों बाद की शहर की जनसंख्या को ध्यान में रखकर योजना बनाई गई है. उस समय अंदाज है कि, अमरावती की आबादी 14.5 लाख हो जाएगी. सर्वाधिक हिस्सा राज्य सरकार इस योजना की लागत में खर्च कर रही है. अमरावती में अप्पर वर्धा बांध के कारण पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध है.
* तीन केंद्रों से पानी शुद्ध
अमरावती में महादेवखोरी का नया केंद्र बन जाने से जलशुद्धीकरण के तीन सेंटर हो जाएंगे. पहले तपोवन के पास एक सेंटर संचालित है. जहां से अर्जुन नगर और विमवि परिसर को जलापूर्ति होगी. 95 दशलक्ष लीटर के केंद्र से रुक्मिणी नगर, हमालपुरा, राजापेठ और महादेवखोरी के 70 दशलक्ष लीटर जलशुद्धीकरण केंद्र से दक्षिण अमरावती, साईनगर, गडगडेश्वर, अकोली और बडनेरा में जलापूर्ति की जाएगी.
* 390 करोड खर्च
अब तक 390 करोड का खर्च हो गया है. सिंभोरा से तपोवन और महादेवखोरी तक नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है. 17 नई टंकियां विभिन्न भागों में निर्माणाधिन है. अत: मजीप्रा को अपना हिस्सा देय है. जिसके लिए नागरिकों से नियमित पानी बिल भरने का आवाहन कर रहे हैं.
– संजय लेवरकर
कार्यकारी अभियंता, मजीप्रा.

Back to top button