घर में स्टोर डीजल ने किया घात
अडगांव बु. में बच्चे सहित तीन जिंदा जले

* अकोला जिले में मचा कोहराम, पुलिस ने कहा शार्टसर्किट
अकोला/ दि.13- बालापुर तहसील अंतर्गत अडगांव बु. में गुरूवार शाम 7 बजे शेख इब्राहिम के घर में किराए से रहते एक परिवार के तीन सदस्य जिंदा जल गये. जिसमें एक 6 वर्ष की बालिका स्वरा प्रभुदास सोलंके का समावेश है. घटना से अकोला जिले में तहलका मचा है. स्वयं जिलाधीश वर्षा मीना और एसपी अर्चित चांडक द्बारा घटनास्थल का दौरा किए जाने की खबर है. पुलिस ने प्राथमिक रूप से शार्ट सर्किट का अंदाज बताया. वहीं खबर के अनुसार घर मालिक शेख इब्राहिम द्बारा घर में किए गये डीजल के भंडारण की वजह से आग फैलने और धमाका भी होने का दावा किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार अडगांव में साप्ताहिक बाजार के पास स्थित उक्त मकान में स्वरा और अनिल उकर्डा चव्हाण उक्त अग्निकांड में फंस गये. उनकी बुरी तरह झुलसने के कारण ऑनस्पॉट जान चली गई. जबकि रत्ना उकर्डा चव्हाण बुरी तरह झुलस गई. उसे लेकर अकोट ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया. वहां पर हालत चिंताजनक होने से अकोलाा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय भेजा गया. देर रात रत्ना की जान चली गई.
आग बुझाने के लिए तेल्हारा और अकोट से दमकलें भेजी गई. काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण किया गया. मौके पर फॉरेन्सिक लैब वैन भी पहुंची थी. देर रात पंचनामा किया गया. अकोट एसीपी निखिल पाटिल और शिवरखेड के थाना इंचार्ज गजानन राठोड ने प्राथमिक सूचना में शार्ट सर्किट की वजह से आग बताया था. जबकि ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घर में रखा गया डीजल के कारण आग ने विकराल रूप लिया.
इस घटना से देहातों में स्वास्थ्य सेवाओं की भी पोल खुली. गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर और स्टाफ ही गैर हाजिर होने से घायल को ग्रामीण अस्पताल लाना पडा.