भाजपा की महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी घोषित

प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने घोषित की अपनी टीम

* कार्यकारिणी में 10 उपाध्यक्ष, 6 महासचिव, 11 सचिव का समावेश
* चित्रा वाघ महिला मोर्चा, कृष्णराज महाडिक युवा मोर्चा व योगेश टिलेकर ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त
* नवनाथ बन को मुख्य प्रवक्ता व मिहीर कोटेचा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
* विदर्भ को भी मिला उचित प्रतिनिधित्व, पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे व पूर्व सांसद रामदास तडस का उपाध्यक्षों में समावेश
* विधायक संजय कुटे का महासचिवों तथा विधायक परिणय फुके व अर्चना डेहनकर का सचिवों में समावेश
मुंबई /दि.24 भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने आज प्रदेश भाजपा के नए पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी. हालांकि अभी पूरी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मुख्य प्रवक्ता, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, विभिन्न मोर्चा अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां कर दी गई हैं. प्रदेश कार्यकारिणी में 10 उपाध्यक्षों, 6 महासचिवों व 11 सचिवों का समावेश है. साथ ही नवनाथ बन को मुख्य प्रवक्ता व मिहिर कोटेचा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा चित्रा वाघ को प्रदेश महिला मोर्चा, कृष्णराज महाडिक को प्रदेश युवा मोर्चा एवं योगेश टिलेकर को प्रदेश ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. खास बात यह भी है कि, भाजपा की महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी में विदर्भ को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है. जिसके तहत पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे व पूर्व सांसद रामदास तडस का उपाध्यक्षों में तथा विधायक संजय कुटे का महासचिवों एवं विधायक परिणय फुके व अर्चना डेहनकर का सचिवों में समावेश किया गया है.
आज मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद इन नामों को अंतिम रूप दिया गया. इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नबिन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता बी. एल. संतोष, शिव प्रकाश तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से विचार-विमर्श किया गया. उन्होंने कहा कि, चुनाव आचार संहिता और स्थानीय निकाय चुनावों के चलते नियुक्तियां टाल दी गई थी. अब संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से सीमित पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि, जिन कार्यकर्ताओं को इस बार पद नहीं मिला है, उन्हें भी अन्य माध्यमों से संगठन में सक्रिय भूमिका दी जाएगी.
प्रदेश भाजपा ने मुख्य प्रवक्ता पद पर नवनाथ बन, प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल, पूर्व सांसद रामदास तडस, केशव उपाध्ये, अतुल कालसेकर, भारती पवार, संजय कोरगे, संजय भेंडे, गोपीचंद पडलकर, प्रिया शिंदे, सुजय विखे पाटील, अर्चना पाटील चाकूरकर, महासचिव पद पर निरंजन डावखरे, संजय कुटे, माधवी नाईक, राजेश पांडे, सुनील राणे, योगेश सागर, सचिव पद पर मंगेश चव्हाण, परिणय फुके, वर्षा डहाले, संजय जगताप, अर्चना डेहणकर, रोहिणी नायडू, राम सातपुते, प्रविण घुगे, रेखा कुलकर्णी व भैरवी घाक की नियुक्ति की है. साथ ही भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पद पर कृष्णराज महाडिक, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष पद पर चित्रा वाघ एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष पद पर योगेश टिलेकर को नियुक्त किया गया है. इसके अलावा प्रदेश कोषाध्यक्ष पद का जिम्मा मिहिर कोटेचा को सौंपा गया है.
नई नियुक्तियों में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दिए जाने के संकेत मिल रहे हैं. विशेष रूप से कृष्णराज महाडिक को युवा मोर्चा की जिम्मेदारी देकर संगठन ने आगामी चुनावी रणनीति में युवाओं की भूमिका को अहम बताया है. राजनीतिक हलकों में इन नियुक्तियों को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

 

Back to top button