अकोला में शिवसेना शहर प्रमुख पर हमला
विधायक नितिन देशमुख का गंभीर आरोप

अकोला/ दि.27- शिवसेना व उबाठा के शहर प्रमुख राहुल कराले पर गत रात भीषण हमला हो गया. उनकी कार के कांच तोडकर तीन आरोपियों ने उनकी जान लेने की कोशिश की. यह घटना बडी उमरी में होने का दावा कर पार्टी विधायक नितिन देशमुख ने आरोप लगाया कि हमलावर तीनों युवकों के हाथों में तलवारें और लोहे के र्रॉड थे. जैसे ही राहुल कराले अपनी बोलेरो कार में सवार हुए अचानक आए हमलावरों ने उन पर हमला करने की कोशिश कर कार के शीशे तोड दिए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है. स्वयं पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने सघन जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस ने दावा किया कि हमलावर शीघ्र दबोच लिए जायेंगे.
विधायक नितिन देशमुख ने दावा किया कि राहुल कराले की हत्या की सुपारी देकर उन्हें खत्म करने का षडयंत्र था. किंतु राहुल बोलेरो कार से नीचे नहीं उतरे. जिसके कारण वाहन पर हमलावरों ने गुस्सा उतारा. पूरी तोडफोड कर दी गई. देशमुख ने 12 घंटे के अंदर आरोपियों को दबोचने की मांग कर आंदोलन की चेतावनी दी है. पुलिस ने प्राथमिक जांच पश्चात बताया कि हमलावरों ने गोलीबार का षडयंत्र रचा था. उधर राहुल कराले ने आरोप लगाया कि पुलिस वारदात के घंटेभर बाद पहुंची. जबकि उन्होंने सिविल लाइन थाने को सूचित कर दिया था. इस घटना से अकोला के राजनीतिक क्षेत्र में हडकंप मचा है. विधानसभा का बजट सत्र शुरू है. जिससे यह मामला विधानसभा में उठाया जा सकता है.





