31 मार्च से नागपुर-नांदेड के बीच सीधी विमान सेवा

धार्मिक पर्यटन उद्योग-व्यापार और शिक्षा क्षेत्र को फायदा

नागपुर /दि.5 नागपुर और नांदेड के बीच हवाई सेवा को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है. 31 मार्च से दोनों शहरों के बीच सीधी उडान शुरु होगी. क्षेत्रीय विमानन कंपनी स्टार एयरलाईन ने इस संदर्भ में घोषणा की है. विमान नांदेड से सुबह 11.20 बजे रवाना होकर दोपहर 12.10 बजे नागपुर पहुंचेगा. वापसी के विमान नागपुर से 12.40 बजे उडान भरकर 1.30 बजे नांदेड पहुंचेगा. यह फ्लाइट सप्ताह में 5 दिन उपलब्ध रहेगी. शुक्रवार और रविवार छोड सभी दिन विमान सेवा शुरु रहेगी.
नांदेड स्थित प्रसिद्ध हजूर साहिब सचखंड गुरुद्वारा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते है. नागपुर और विदर्भ से भी बडी संख्या में श्रद्धालु यहां जाते है. हवाई सेवा शुरु होने से उन्हें बडी सुविधा मिलेगी. इसके अलावा नांदेड, मराठवाडा का प्रमुख व्यापारिक और शैक्षणिक केंद्र है. नियमित हवाई सेवा से उद्योग-व्यापार, शिक्षा और पेशेवर गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.

* किफायती किराए पर हवाई यात्रा का लाभ
नागपुर-नांदेड के बीच सडक मार्ग से लगभग 350 किमी की दूरी है. जिसे तय करने में 6 घंटे लगते है. ट्रेन से यात्रा करने पर 6 से 10 घंटे तक का समय लगता है. नई उडान शुरु होने के बाद यह सफर मात्र 50 मिनट में पूरा हो सकेगा. स्टार एयर 76 सीटों वाले एम्ब्रेयर-175 विमान से यह सेवा संचालित की जाएगी. इसमें 2+2 सिटींग व्यवस्था है. यह सेवा केंद्र सरकार की ‘उडान’ योजना के तहत शुरु की गई है. जिससे यात्रियों को किफायती किराए पर हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा. मौजूदा समय में स्टार एयर नागपुर-किशनगढ हवाई सेवा संचालित करती है.

Back to top button