चचेरे भाई ने ही मार डाला
घर का झगडा

* भोपाल भाग जाने की कोशिश रही विफल
अकोला /दि.5- घर नाम करने के झगडे में चचेरे भाई ने शराब के नशे में व्यक्ति की हत्या कर दी. अकोट फाइल थानांतर्गत दुबेवाडी में बुधवार रात यह वारदात होने की जानकारी देते हुए पुलिस ने दावा किया कि, हत्या आरोपी को दो घंटे के अंदर दबोच लिया गया. जब वह भोपाल भाग जाने की फिराक में था.
पुलिस ने बताया कि, आरोपी रितीक अनिल बिहुणे और उसका चचेरा भाई मृतक विनित विजय बिहुणे दुबेवाडी में रहते थे. आरोपी रितीक को शराब का व्यसन था. वह नशा कर हमेशा झगडे करता था.् विनित के नाम का घर वह अपने नाम करने के लिए धमकाता था. बुधवार रात परिसर में छोटे बच्चे रंग खेल रहे थे.
आरोपी रितीक बिहुणे वहां शराब पीकर पहुंचा. उसने विनित से झगडा किया और क्रोधाबेग में विनित पर चाकू से हमला किया. आरोपी बार-बार कह रहा था कि, घर नाम पर क्यों नहीं करता? यह कहते हुए उसने विनित को सीने में चाकू मार दिये. विनित को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले गये. डॉक्टर्स ने जांच कर मृत करार दिया. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच पंचनामा किया और बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मौके से भागे आरोपी रितीक को रेल्वे स्टेशन से दबोच लिया. वह मौसी के यहां भोपाल जाने की कोशिश में था. यह कार्रवाई निरीक्षक शेख रहीम, एएसआई अनीस पठान, हवालदार संतोष चिंचोलकर, योगेश काटकर, लीलाधर खंडारे, गिरीष तिडके ने की.





