‘धरतीआबा अभियान’ से जरूरतमंदों को लाभ मिले

सांसद बलवंत वानखडे का आह्वान, जिला प्रशासन को दिए आवश्यक निर्देश

अमरावती /दि.6 – जिले के चिखलदरा और धारणी जैसे आदिवासी बहुल तहसीलों में चलाए जा रहे ‘धरतीआबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के माध्यम से जरूरतमंद आदिवासी परिवारों को योजनाओं का लाभ देने की अपील सांसद बलवंत वानखडे ने की है. उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं नागरिकों के विकास के लिए लागू की जाती हैं, लेकिन इस अभियान के तहत विशेष रूप से आदिवासी समाज को प्राथमिकता देकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना चाहिए.
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में धरतीआबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा की गई. बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता महापात्र, धारणी के उपविभागीय अधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में सांसद वानखडे ने कहा कि, आदिवासी क्षेत्रों में आवास की बड़ी आवश्यकता है. इसलिए अभियान के अंतर्गत शामिल 304 गांवों में पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर घरकुल योजना को प्राथमिकता से लागू किया जाए. ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं. वन क्षेत्र में नए रास्ते बनाने में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए वर्तमान सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.
इस बैठक में सांसद बलवंत वानखडे ने ग्रामीण इलाकों में पेयजल समस्या का उल्लेख करते हुए जलापूर्ति योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए. मेलघाट क्षेत्र के 22 गांवों में बिजली की समस्या होने की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इनमें से तीन गांवों में सौर ऊर्जा परियोजना शुरू की गई थी, लेकिन रखरखाव और मरम्मत के अभाव में कई जगहों पर व्यवस्था बंद पड़ी है. इस संबंध में तत्काल मरम्मत कर बिजली व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए गए. सांसद वानखडे ने कहा कि आदिवासी नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान कार्ड का वितरण तेज किया जाए. इसके लिए मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव जाकर अभियान चलाया जाए और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मोबाइल वैन भी उपलब्ध कराई जाएं. साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. बैठक में पोषण आहार, कौशल विकास, पशुधन विकास तथा बिजली आपूर्ति से संबंधित योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई.

Back to top button